‘मिर्जापुर: द मूवी’ की शूटिंग पूरी, गोलू गुप्ता के किरदार को लेकर भावुक हुईं श्वेता त्रिपाठी

‘मिर्जापुर: द मूवी’ की शूटिंग पूरी होने पर श्वेता त्रिपाठी हुईं भावुक। गोलू गुप्ता के किरदार को बताया अपने करियर का टर्निंग पॉइंट, बड़े पर्दे पर मिर्जापुर को लेकर जताया उत्साह।

Jan 18, 2026 - 23:44
Jan 25, 2026 - 22:04
 0  1
‘मिर्जापुर: द मूवी’ की शूटिंग पूरी, गोलू गुप्ता के किरदार को लेकर भावुक हुईं श्वेता त्रिपाठी

मुंबई , अचल वार्ता। बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘मिर्जापुर: द मूवी’ के मुंबई शेड्यूल की शूटिंग अभिनेत्री श्वेता त्रिपाठी ने पूरी कर ली है। इस मौके पर श्वेता ने अपने चर्चित किरदार गोलू गुप्ता को लेकर भावनात्मक अनुभव साझा किए और कहा कि यह किरदार उनके अभिनय करियर का सबसे अहम मोड़ साबित हुआ है।

श्वेता त्रिपाठी ने कहा कि गोलू गुप्ता सिर्फ उनकी पहचान नहीं बना, बल्कि इस किरदार ने उन्हें अंदरूनी ताकत, आत्मविश्वास और साहस भी दिया। उन्होंने बताया कि इस रोल ने न केवल दर्शकों की सोच बदली, बल्कि उनके लिए आने वाली कहानियों और किरदारों की दिशा भी तय की।

शूटिंग पूरी होना रहा भावुक पल

अभिनेत्री के मुताबिक फिल्म की शूटिंग पूरी करना उनके लिए बेहद भावुक अनुभव रहा। उन्होंने कहा, “गोलू गुप्ता हमेशा मेरे दिल के बहुत करीब रहेगी। इस किरदार ने मुझे एक अभिनेत्री के रूप में नई चुनौतियां दीं और यह सिखाया कि किसी महिला किरदार को मजबूती, गंभीरता और गहराई के साथ पर्दे पर कैसे पेश किया जा सकता है।”

श्वेता ने बताया कि गोलू के रूप में उन्होंने एक ऐसी महिला को जिया, जो परिस्थितियों से लड़ती है और अपनी शर्तों पर आगे बढ़ती है। यही वजह है कि यह किरदार दर्शकों के दिलों में खास जगह बना सका।

बड़े पर्दे पर मिर्जापुर, रोमांच से भरा अनुभव

उन्होंने कहा कि ‘मिर्जापुर’ को बड़े पर्दे पर लाना उनके लिए बेहद रोमांचक अनुभव है। इस कहानी और इसके किरदारों को दर्शकों का जो प्यार मिला है, वह उनके लिए बहुत खास है। शूटिंग के दौरान अपनी पुरानी टीम से दोबारा मिलना, खासकर अली फजल के साथ काम करना, उन्हें घर जैसा एहसास देता रहा।

श्वेता के अनुसार, गोलू गुप्ता के किरदार में दोबारा लौटना ऐसा था, जैसे पुराने घर में नए जोश, नई ऊर्जा और नए नजरिए के साथ वापसी करना।

दर्शकों की प्रतिक्रिया का इंतजार

अब श्वेता त्रिपाठी बेसब्री से इंतजार कर रही हैं कि दर्शक सिनेमाघरों में ‘मिर्जापुर: द मूवी’ के इस नए अध्याय को किस तरह अपनाते हैं।

मिर्जापुर की कहानी और लोकप्रियता

‘मिर्जापुर’ की कहानी उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल क्षेत्र के मिर्जापुर जिले की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जहां सत्ता, अपराध और बदले की राजनीति को दिखाया गया है। कहानी प्रभावशाली डॉन और कारोबारी अखण्डानंद ‘कालीन’ त्रिपाठी के इर्द-गिर्द घूमती है।

वेब सीरीज का पहला सीजन जबरदस्त हिट रहा था और इसने कई कलाकारों को नई पहचान दी। इसमें पंकज त्रिपाठी, अली फजल, दिव्येंदु शर्मा, विक्रांत मैसी, श्वेता त्रिपाठी, श्रिया पिलगांवकर, रासिका दुगल सहित कई कलाकार नजर आए थे। दूसरे सीजन को भी दर्शकों का भरपूर प्यार मिला और नए कलाकारों की एंट्री ने कहानी को और मजबूत बनाया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0