अयोध्या: रोबोट, विज्ञान और तकनीकी विषयों पर आयोजित हुई प्रदर्शनी

Feb 15, 2026 - 15:45
Feb 15, 2026 - 15:58
 0  2
अयोध्या: रोबोट, विज्ञान और तकनीकी विषयों पर आयोजित हुई प्रदर्शनी
अयोध्या: रोबोट, विज्ञान और तकनीकी विषयों पर आयोजित हुई प्रदर्शनी

अयोध्या, अचल वार्ता। एचसीजे एकेडमी में रविवार को रोबोट, विज्ञान और तकनीकी विषयों पर आधारित एक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने अपने वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नवाचारी सोच का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि रोली सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष, विशिष्ट अतिथि निखिल सिंह, समन्वयक, जिला विज्ञान क्लब, अकादमी की चेयरपर्सन एवं निदेशक डॉ. शिक्षा जैन, एक्जीक्यूटिव ऑफिसर उमेश जैन ने फीता काटकर किया।

     इस प्रदर्शनी में नर्सरी, केजी से लेकर कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। नन्हे-मुन्ने नर्सरी और केजी के बच्चों ने ट्रांसपोर्ट के साधनों, हमारे सहयोगी जनों एवं पौष्टिक फलों पर आधारित आकर्षक मॉडल प्रस्तुत कर अपनी मधुर वाणी में प्रतिभा का परिचय दिया।

कक्षा 1 से 12वीं तक के विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए अनेक सक्रिय मॉडलों ने दर्शकों का मन मोह लिया। इनमें जल संरक्षण, बीज अंकुरण,भांति भांति के पौधों के जीवन चक्र पर आधारित मॉडल, गणित के क्षेत्र में नवीन गणना मशीन, प्रदूषण रोकथाम से संबंधित आधुनिक मॉडल, वर्षा जल संरक्षण एवं सिंचाई के कारगर उपायों को दर्शाते मॉडल विशेष रहे। भाषा सीखने को सरल बनाने वाले सचित्र बोर्ड, कला के विभिन्न सक्रिय मॉडल, आकर्षक पेंटिंग, एटीएम का सक्रिय मॉडल तथा ज्वालामुखी का भव्य एवं सजीव मॉडल प्रदर्शनी के मुख्य आकर्षण रहे। विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों ने चिकित्सक की भूमिका निभाते हुए आत्मविश्वास के साथ अन्य छात्रों एवं अतिथियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया, जिससे भविष्य के चिकित्सा क्षेत्र की झलक देखने को मिली।

   कार्यक्रम में प्रेस रिपोर्टर की भूमिका निभाते हुए कक्षा 7 की आराध्य पटेल एवं कक्षा 12 के अंश चतुर्वेदी ने मुख्य अतिथि से विभिन्न प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासा को ज्ञान में परिवर्तित किया और उपस्थित जनों का मार्गदर्शन प्राप्त किया। प्रदर्शनी में उपस्थित अभिभावकों ने अपने मनपसंद मॉडलों को वोट देकर छात्रों का उत्साहवर्धन किया।

  इस सफल आयोजन में अकादमी की सीसीए इनचार्ज आकाशी यादव, शिवकरन यादव, विष्णु, कपिल देव,राजन, शुभम, कंचन द्विवेदी, अनीता, संगीता पाण्डे, सुष्मा पाण्डे, समा, मनोज, नम्रता, आदि सभी शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं का अमूल्य योगदान रहा, जिनके मार्गदर्शन में छात्रों ने इस अद्भुत प्रदर्शनी को साकार किया।

   इस अवसर पर प्रधानाचार्य दिलीप गुप्ता, प्रशासनिक अधिकारी अशोक तिवारी तथा उप-प्रधानाचार्या शिप्रा मल्होत्रा सहित अन्य उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0