नशे में सनकी युवक का तांडव: घर में लगाई आग, पूरे मोहल्ले में मचा हड़कंप
लखीमपुर खीरी, अचल वार्ता । हैदराबाद थाना क्षेत्र के गांव शेरपुर में सोमवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक शराब के नशे में धुत युवक ने अपने ही घर को आग के हवाले कर दिया। घटना से पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग अपने घरों से बाहर निकलकर जान बचाने में जुट गए।
मिली जानकारी के अनुसार, गांव निवासी राजू नामक युवक ने करीब साढ़े चार बजे नशे की हालत में अपने मकान में पड़े छप्पर में आग लगा दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और घर में रखे छप्पर समेत बिजली की केबिल जलकर खाक हो गई।
आग की तेज लपटों ने आसपास के मकानों को भी चपेट में लेने की कोशिश की, जिससे बड़ा हादसा होने का खतरा मंडराने लगा। हालांकि, पड़ोसियों की सूझबूझ और तत्परता के चलते स्थानीय लोगों ने मिलकर किसी तरह आग पर काबू पाया और आग को फैलने से रोक लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यदि कुछ मिनट और देरी हो जाती तो आग पूरे मोहल्ले को अपनी चपेट में ले सकती थी, जिससे भारी जान-माल का नुकसान हो सकता था। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों में आरोपी युवक के खिलाफ आक्रोश व्याप्त है और वे उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक अक्सर नशे में इस तरह की हरकतें करता रहता है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0