अम्बेडकर नगर : टांडा ब्लॉक में विकास कार्यों को लेकर चर्चाएं तेज, टेंडर व बिल प्रक्रिया पर उठे सवाल

Mar 15, 2026 - 20:15
 0  46
अम्बेडकर नगर : टांडा ब्लॉक में विकास कार्यों को लेकर चर्चाएं तेज, टेंडर व बिल प्रक्रिया पर उठे सवाल

अम्बेडकरनगर, अचल वार्ता। जिले के टांडा विकासखंड में इन दिनों विकास कार्यों की प्रक्रिया को लेकर स्थानीय स्तर पर तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं। टेंडर प्रक्रिया, ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर अपलोड किए गए बिल और विकास कार्यों के क्रियान्वयन को लेकर लोगों के बीच सवाल उठ रहे हैं। हालांकि इन आरोपों की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में इस मुद्दे को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि एक निविदा से संबंधित विवरण वेबसाइट पर इस प्रकार अपलोड किया गया है, जिसमें टेंडर खुलने और बंद होने की तिथियों को लेकर स्पष्ट जानकारी दिखाई नहीं दे रही है। लोगों का कहना है कि यदि निविदा प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से पूरी की गई है तो उसकी पूरी जानकारी सार्वजनिक रूप से स्पष्ट रूप में उपलब्ध कराई जानी चाहिए।

इसी बीच ई-ग्राम स्वराज एप पर टांडा क्षेत्र में हसनपुर मार्ग-233 से जुड़े पिच रोड, मिट्टी और खड़ंजा निर्माण कार्य से संबंधित करीब 3,21,462 रुपये का बिल अपलोड होने की भी चर्चा सामने आई है। कुछ लोगों का कहना है कि अपलोड किए गए बिल में संबंधित अधिकारियों के हस्ताक्षर या मुहर स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं दे रहे हैं। हालांकि इस संबंध में अभी तक संबंधित विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

ग्रामीणों का कहना है कि विकास कार्यों से संबंधित फाइलों और प्रक्रियाओं में पारदर्शिता बनाए रखना आवश्यक है, ताकि किसी भी प्रकार की शंका की स्थिति न उत्पन्न हो। वहीं कुछ लोगों ने यह भी सवाल उठाया है कि यदि किसी विकास निधि से निजी संपत्ति पर कार्य कराया गया है तो इसकी जांच होनी चाहिए, क्योंकि नियमानुसार ऐसी निधियां सार्वजनिक उपयोग के कार्यों के लिए निर्धारित होती हैं।

मीडिया सूत्रों के अनुसार, पूरे मामले में जानकारी जुटाई जा रही है और यह देखा जा रहा है कि संबंधित कार्य वास्तव में सार्वजनिक हित में किए गए हैं या नहीं। यदि कहीं नियमों के विपरीत कार्य पाया जाता है तो जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

- हरीलाल प्रजापति 

What's Your Reaction?

Like Like 1
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0