मथुरा : उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य 13 मई को परखम में करेंगे करोड़ों की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण

May 11, 2026 - 19:21
May 11, 2026 - 19:34
 0  2
मथुरा : उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य 13 मई को परखम में करेंगे करोड़ों की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण

मथुरा , अचल वार्ता। जनपद मथुरा के गऊ ग्राम परखम में 13 मई को विकास का बड़ा दिन रहने वाला है। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य अपरान्ह 1 बजे दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति द्वारा संचालित दीनदयाल गौ विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र में नवनिर्मित कई महत्वपूर्ण प्रकल्पों का लोकार्पण, गृह प्रवेश एवं भूमि पूजन करेंगे।

   इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री गौरी भवन कन्या छात्रावास, औषधि उद्यान, पशु चिकित्सालय, आधुनिक स्टूडियो तथा बुनकर प्रशिक्षण केंद्र की मशीन का ई-लोकार्पण करेंगे। साथ ही वे 2000 लोगों की क्षमता वाले भव्य कन्वेंशन सेंटर और 50 व्यक्तियों के लिए स्टाफ आवास का शिलान्यास भी करेंगे।

   सोमवार को अशोक सिंघल सभागार, सप्त ऋषि कुटीर में आयोजित पत्रकार वार्ता में समिति के मंत्री हरीशंकर शर्मा ने बताया कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त 45 कमरों वाले गौरी भवन कन्या छात्रावास का निर्माण नोएडा के प्रोमीथियस विद्यालय के संस्थापक अध्यक्ष मुकेश शर्मा द्वारा कराया गया है, जिसमें 125 छात्राओं के रहने की व्यवस्था है। 

   कार्यक्रम के तहत नवधा सभागार में आयोजित ई-लोकार्पण समारोह में उप मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि होंगे, जबकि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय सह सेवा प्रमुख राजकुमार मटाले मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे। वहीं निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर डॉ० स्वामी कैलाशानन्द गिरि जी महाराज एवं अंतरराष्ट्रीय रामकथा मर्मज्ञ विजय कौशल जी महाराज का आशीर्वचन भी प्राप्त होगा। कार्यक्रम से पूर्व सुबह 10:30 बजे से 12:30 बजे तक हवन, गृह प्रवेश एवं पूजन कार्यक्रम आयोजित होंगे। 

  प्रबंध कार्यकारिणी सदस्य डॉ० अनुराग शर्मा ने बताया कि औषधि उद्यान में विभिन्न प्रकार की आयुर्वेदिक औषधियां उगाई जाएंगी, जबकि पशु चिकित्सालय में पशुओं का आयुर्वेदिक उपचार उपलब्ध होगा, जिसमें डॉक्टर, एम्बुलेंस व अन्य सुविधाएं हर समय मौजूद रहेंगी। प्रचार प्रमुख कीर्ति कुमार ने जानकारी दी कि कामधेनु प्रसार केंद्र में आधुनिक स्टूडियो के माध्यम से वीडियो रिकॉर्डिंग, पॉडकास्ट, ऑनलाइन-ऑफलाइन कक्षाएं व शैक्षिक गतिविधियां संचालित की जाएंगी।

  वहीं निदेशक सोनपाल ने बताया कि बुनकर प्रशिक्षण केंद्र में नई रैपियर मशीन के जरिए कपड़ा निर्माण कर युवाओं को रोजगार से जोड़ा जा रहा है। पत्रकार वार्ता में नरेंद्र पाठक एवं मुकेश शर्मा (मीडिया प्रमुख) सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 1
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0