मथुरा : सेलखेड़ा ने जीता रुस्तम-ए-हिंद फूली पहलवान स्मृति नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट

Jun 22, 2026 - 16:54
 0  8
मथुरा : सेलखेड़ा ने जीता रुस्तम-ए-हिंद फूली पहलवान स्मृति नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट

मथुरा/बलदेव, अचल वार्ता । गांव सेलखेड़ा में आयोजित रुस्तम-ए-हिंद फूली पहलवान स्मृति नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रविवार रात्रि को सेलखेड़ा और सौरई टीम के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए सेलखेड़ा ने सौरई को 15 रनों से हराकर टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सेलखेड़ा टीम ने निर्धारित 8 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 81 रन बनाए और सौरई के सामने 82 रनों का लक्ष्य रखा। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी सौरई की टीम सेलखेड़ा के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 7.3 ओवर में 66 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इस प्रकार सेलखेड़ा ने 15 रनों से शानदार जीत दर्ज करते हुए ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।

फाइनल मुकाबले से पूर्व राष्ट्रगान का आयोजन किया गया, जिससे पूरा मैदान देशभक्ति के रंग में रंग गया। मैच के दौरान खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। फाइनल मुकाबला देखने के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मैदान में उपस्थित रहे।

पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि बंसी भाई ने विजेता टीम सेलखेड़ा को ट्रॉफी के साथ 31 हजार रुपये की नगद धनराशि प्रदान की। वहीं उपविजेता सौरई टीम को ट्रॉफी एवं 21 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि बंशी भाई ने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक एवं मानसिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से अनुशासन, टीम भावना और आपसी भाईचारे को बढ़ावा मिलता है।

टूर्नामेंट में सुरेश मास्टर एवं देवेंद्र मास्टर ने अंपायर की जिम्मेदारी निभाई, जबकि नीरज शर्मा और प्रमोद मास्टर ने कमेंट्री कर मैच को रोचक बनाया।

इस अवसर पर पूरन दरोगा, डॉ. जगदीश, देवेंद्र मास्टर, धांधू पहलवान, अतुल परिहार, नरेश परिहार, विपिन परिहार सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

- ब्यूरो रिपोर्ट 

What's Your Reaction?

Like Like 1
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0