सोनीपत , अचल वार्ता। संयुक्त आयुक्त मीतू धनखड़़ ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी विभागाध्यक्ष शिकायत के समाधान के लिए मौके पर जाकर स्थिति की जांच करें व इसके साथ-साथ शिकायतकर्ता की संतुष्टि का भी ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर में प्राप्त शिकायतों के समाधान में किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए।
लघु सचिवालय के प्रथम तल के सम्मेलन कक्ष में सोमवार को समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन संयुक्त आयुक्त मीतू धनखड़़ की अध्यक्षता में हुआ। शिविर में कुल 15 शिकायतें प्राप्त हुई। इस दौरान सभी शिकायतें संयुक्त आयुक्त ने गंभीरता के साथ सुनी व संबंधित अधिकारियों को निश्चित समयावधि में समाधान के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि समाधान शिविरों में प्राप्त शिकायतों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्यवाही की जाए तथा प्रत्येक मामले का निर्धारित समय सीमा के अंदर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए । समाधान शिविरों का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है ,इसीलिए किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।
समाधान शिविर में राजस्व, नगर निगम, बिजली, जन स्वास्थ्य, रुकी हुई पेंशन को जारी करवाने से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुई। प्राप्त शिकायतों में मुख्य रूप से शिकायतकर्ता ने जमीन की तस्दीक से संबंधित शिकायत दी, राशन कार्ड को फिर से चालू करवाने तथा फैमिली आईडी में इनकम ठीक करवाने और मोबाइल नंबर ठीक करवाने की शिकायतें प्राप्त हुई। सभी शिकायतों की सुनवाई करते हुए संयुक्त आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान शिविर में आने वाली प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसका तुरंत समाधान करना सुनिश्चित करें , ताकि शिकायतकर्ता को सचिवालय के बार-बार चक्कर न लगाने पड़े।
इस दौरान एसीपी निधि नैन, तहसीलदार कीर्ति एवं अन्य सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।