गणतंत्र दिवस पर चीन का दोस्ताना संदेश: शी जिनपिंग ने भारत को बताया ‘ड्रैगन और हाथी की जुगलबंदी’, रिश्तों में आई नई गर्माहट
भारत के 77वें गणतंत्र दिवस पर चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने भारत को शुभकामनाएं दीं, भारत-चीन रिश्तों को बताया ड्रैगन और हाथी की जुगलबंदी
बीजिंग, अचल वार्ता।
भारत के 77वें गणतंत्र दिवस के मौके पर चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने भारत को शुभकामनाएं देते हुए भारत-चीन संबंधों को लेकर सकारात्मक संदेश दिया है। चीनी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को भेजे संदेश में भारत और चीन को अच्छा पड़ोसी, दोस्त और साझेदार बताया।
भारत-चीन संबंधों की खुलकर तारीफ
शी जिनपिंग ने कहा कि बीते एक साल में भारत और चीन के रिश्तों में लगातार सुधार देखने को मिला है। उन्होंने माना कि दोनों देशों के अच्छे संबंध न केवल एशिया बल्कि पूरी दुनिया में शांति और समृद्धि बनाए रखने के लिए बेहद अहम हैं।
ड्रैगन और हाथी की जुगलबंदी’
अपने संदेश में चीनी राष्ट्रपति ने एक बार फिर भारत-चीन साझेदारी को “ड्रैगन और हाथी की जुगलबंदी” के रूप में परिभाषित किया। उन्होंने कहा कि जब भारत और चीन मिलकर आगे बढ़ते हैं, तो दोनों देश एक साथ नाचते हुए ड्रैगन और हाथी की तरह दुनिया में संतुलन और विकास का प्रतीक बनते हैं।
सहयोग बढ़ाने की जताई उम्मीद
शी जिनपिंग ने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में दोनों देश आपसी संवाद, सहयोग और आदान-प्रदान को और मजबूत करेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि दोनों पक्ष एक-दूसरे की चिंताओं को समझते हुए स्वस्थ और स्थिर द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाएंगे।
गलवान के बाद रिश्तों में सुधार
गौरतलब है कि वर्ष 2020 में गलवान घाटी में हुई हिंसक झड़प के बाद भारत-चीन संबंधों में भारी तनाव आ गया था। हालांकि, बीते एक साल में उच्च-स्तरीय द्विपक्षीय बैठकों और कूटनीतिक प्रयासों से रिश्तों में सुधार हुआ है। अक्टूबर 2024 में दोनों देशों ने सीमा गतिरोध को खत्म करने पर भी सहमति जताई थी।
नए दौर की शुरुआत?
विशेषज्ञों का मानना है कि गणतंत्र दिवस पर आया यह संदेश भारत-चीन संबंधों में नए भरोसे और नई शुरुआत का संकेत हो सकता है।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
1
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
1