अयोध्या: भाकियू का जोरदार प्रदर्शन, रोड जाम कर फूंका ट्रंप–मोदी का पुतला, भारत-अमेरिका ट्रेड डील रद्द करने की मांग
अयोध्या में भाकियू ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में रोड जाम, प्रदर्शन और पुतला दहन किया। राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर एमएसपी गारंटी कानून लागू करने की मांग की।
अयोध्या, अचल वार्ता। संयुक्त किसान मोर्चा एवं भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के आवाहन पर भारतीय किसान यूनियन जनपद अयोध्या द्वारा गांधी पार्क में किसान पंचायत आयोजित कर जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस दौरान किसानों ने शासन-प्रशासन विरोधी नारे लगाए और भारत-अमेरिका ट्रेड डील को रद्द करने की मांग उठाई।
किसान पंचायत के बाद भाकियू कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार पर पहुंचे, जहां अपर जिलाधिकारी (भूमिध्यापन) को महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित चार सूत्रीय ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में भारत-अमेरिका ट्रेड डील को रद्द करने, एमएसपी गारंटी कानून लागू करने तथा बीज विधेयक को समाप्त करने की मांग की गई।
अधिकारी न मिलने पर रामपथ जाम
कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार पर ज्ञापन लेने के लिए कोई अधिकारी मौजूद न होने से आक्रोशित किसानों ने रामपथ मार्ग को जाम कर दिया। बाद में अपर जिलाधिकारी भूमिध्यापन, सीओ सिटी, प्रभारी नगर मजिस्ट्रेट एवं नायब तहसीलदार द्वारा ज्ञापन लिए जाने के बाद आंदोलन को समाप्त किया गया।
ट्रेड डील किसानों का ‘डेथ वारंट’ : घनश्याम वर्मा
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे भाकियू के राष्ट्रीय महासचिव घनश्याम वर्मा ने किसान पंचायत को संबोधित करते हुए कहा कि भारत-अमेरिका ट्रेड डील किसानों के लिए डेथ वारंट है। उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका सरकार वहां के किसानों को भारी सब्सिडी देकर सस्ती दरों पर फसल व डेयरी उत्पाद तैयार कराती है, जिससे भारतीय बाजारों में सस्ते दामों पर आयात होने से देश के किसानों की फसल, दूध, दही और पनीर नहीं बिक पाएंगे और किसान कंगाल हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि भारत सरकार किसानों को मजदूर बनाकर पूंजीपतियों को सस्ता श्रम उपलब्ध कराना चाहती है तथा कृषि भूमि को भी कॉरपोरेट घरानों को सस्ते में देने की साजिश की जा रही है, जिसे किसी भी हाल में सफल नहीं होने दिया जाएगा। इसके लिए बड़ा और व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
बड़े आंदोलन के लिए तैयार रहें कार्यकर्ता : जिला अध्यक्ष
भाकियू के जिला अध्यक्ष राम गणेश मौर्य ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे आने वाले समय में बड़े आंदोलन के लिए हमेशा तैयार रहें।
पुतला दहन कर जताया विरोध
प्रदर्शन के दौरान भाकियू कार्यकर्ताओं एवं किसानों ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंककर विरोध प्रदर्शन किया।
इनकी रही प्रमुख सहभागिता
प्रदर्शन में प्रदेश संगठन मंत्री अभय राज ब्रह्मचारी, मध्यांचल सचिव सूर्यनाथ वर्मा, फरीद अहमद, भागीरथी वर्मा, डॉ. आर.एस. सरोज, शंकरपाल पांडे, रविशंकर पांडे, राजकुमार यादव, रामू चंद्र विश्वकर्मा, प्रेम शंकर वर्मा, विकास वर्मा, विवेक पटेल, जगन्नाथ पटेल, राजदेव यादव, सिद्धू भारती, बाबूराम तिवारी, नाथूराम यादव, महादेव विश्वकर्मा, मोहम्मद अली, जगदीश यादव, राम अवध किसान, राजू निषाद, वेद प्रकाश पांडे, डॉ. आसमा निशा, उर्मिला निषाद, संगीता देवी, जमुना देवी, सरोज वर्मा सहित सैकड़ों किसान, पदाधिकारी व महिलाएं शामिल रहीं।
- ब्यूरो रिपोर्ट
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0