अयोध्या: डीजे संचालकों के दो जनरेटर चोरी, बेखौफ चोरों ने सड़क के किनारे खड़े डीजे पिकअप वाहन को बनाया निशाना
अयोध्या, अचल वार्ता। कुमारगंज थाना क्षेत्र में विगत एक सप्ताह के अंदर चोरी की ताबड़तोड़ घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। कुमारगंज थाने के नवागत थानाध्यक्ष की नाक में चोरों ने दम कर दिया है। थाना क्षेत्र स्थित बड़ी नहर उधुई के पास से बेखौफ चोरों ने दो डीजे संचालकों के डीजे वाहन पर रखे दो जनरेटर पार कर दिए हैं।
घटना की जानकारी के बाद पीड़ित डीजे संचालकों ने घटना के संबंध में मुकदमा कायम किए जाने हेतु कुमारगंज पुलिस को तहरीर दी है। हालांकि पुलिस ने अभी प्रकरण में कोई प्राथमिकी तो नहीं दर्ज की अलबत्ता घटना की जांच पड़ताल जरूर शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक उधुई गांव के पास अयोध्या रायबरेली राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे उधुई गांव निवासी मुकेश कुमार एवं एस कुमार डीजे एंड साउंड सर्विस के प्रोपराइटर रवि पांडे निवासी भीमा ताली थाना इनायत नगर के डीजे वाहन विगत कुछ दिनों से खड़े थे। बीती 28/29 जनवरी की रात बेखौफ चोरों की नजर डीजे वाहन पर रखे जनरेटर पर गड़ गई। चोरों ने दोनों जेनरेटरों को अपना निशाना बना लिया और पिकअप वाहन पर लड़े दोनों जनरेटर पार कर दिए। घटना की जानकारी गुरुवार की सुबह होने के बाद दोनों पीड़ित डीजे संचालक कुमारगंज थाने पहुंचे और मामले में मुकदमा दर्ज किए जाने हेतु पुलिस को तहरीर दी।
घटना के संबंध में कुमारगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार ने बताया कि मामले में तहरीर मिली है, घटना की गहन छानबीन की जा रही है, फिलहाल अभी मुकदमा नहीं दर्ज किया गया है। बताते चलें कि अभी 2 दिन पूर्व बेखौफ चोरों ने तेन्धा गांव में आढ़ती व थल सेवा में कैप्टन के घर घुसकर नकदी एवं दस्तावेज चोरी कर लिए थे।
इसके अलावा थाना क्षेत्र के देवगांव चौकी क्षेत्र अंतर्गत मेवापुर गांव के पास से गुजरने वाले पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर भी चोरों ने तिल से लदे ट्रक से भी बड़ी चोरी कर ली थी। ताबड़तोड़ घट रही चोरी की वारदातों को लेकर अब थाना क्षेत्र निवासी पूरी तरह से हैरान हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0