अयोध्या: सपा महानगर कमेटी ने महंगाई व छात्र मुद्दों पर राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन, भाजपा सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
अयोध्या में सपा महानगर कमेटी ने महंगाई, नीट पेपर लीक, स्मार्ट मीटर और छात्र हितों के मुद्दे पर राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। भाजपा सरकार की नीतियों पर उठाए सवाल, 2027 चुनाव को लेकर लिया बड़ा संकल्प।
- पूर्व मंत्री तेजनारायण पांडे ‘पवन’ और श्याम कृष्ण श्रीवास्तव के नेतृत्व में प्रदर्शन, नीट पेपर लीक, स्मार्ट मीटर और महंगाई को लेकर उठी आवाज
अयोध्या ,अचल वार्ता । समाजवादी पार्टी (सपा) महानगर कमेटी ने भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ जोरदार विरोध दर्ज कराया। पूर्व मंत्री तेजनारायण पांडे ‘पवन’ और निवर्तमान महानगर अध्यक्ष श्याम कृष्ण श्रीवास्तव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल महोदया को संबोधित ज्ञापन जिला अधिकारी के माध्यम से सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा।
ज्ञापन में प्रदेश सरकार पर जनविरोधी नीतियां अपनाने, बढ़ती महंगाई और छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने के गंभीर आरोप लगाए गए। सपा नेताओं ने कहा कि नीट परीक्षा में पेपर लीक और धांधली जैसी घटनाओं ने शिक्षा व्यवस्था की पारदर्शिता को खत्म कर दिया है और सरकार दोषियों पर कार्रवाई करने में नाकाम रही है।
महंगाई और स्मार्ट मीटर पर उठे सवाल
प्रवक्ता राकेश यादव एडवोकेट ने बताया कि स्मार्ट मीटर के नाम पर आम जनता से अधिक बिल वसूले जा रहे हैं, जिससे मध्यम और गरीब वर्ग की आर्थिक स्थिति पर गंभीर असर पड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सीधे तौर पर जनता के साथ आर्थिक शोषण है।
इसके अलावा घरेलू गैस सिलेंडर, पेट्रोल-डीजल और रोजमर्रा की वस्तुओं जैसे दूध, दाल और तेल की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर भी सरकार को घेरा गया। सपा नेताओं ने कहा कि महंगाई के कारण आम परिवारों के लिए दो वक्त की रोटी जुटाना मुश्किल हो गया है।
छात्रों और रोजगार पर चिंता
ज्ञापन में छात्रों के भविष्य को लेकर चिंता जताते हुए कहा गया कि प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं के कारण लाखों युवाओं का भविष्य खतरे में है। साथ ही प्रदेश में बेरोजगारी और कानून व्यवस्था को लेकर भी सरकार को विफल बताया गया।
2027 चुनाव को लेकर लिया संकल्प
इस दौरान सैकड़ों कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने एक स्वर में 2027 विधानसभा चुनाव में भाजपा सरकार को हटाकर समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का संकल्प लिया। उन्होंने अयोध्या की सभी विधानसभा सीटों पर सपा प्रत्याशियों को जीताने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नेता मौजूद रहे, जिन्होंने सरकार के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाई।
अयोध्या में सपा का यह प्रदर्शन प्रदेश की राजनीति में बढ़ती महंगाई, शिक्षा व्यवस्था और रोजगार जैसे मुद्दों को लेकर बढ़ती असंतोष की झलक दिखाता है। आने वाले समय में यह मुद्दे चुनावी माहौल को भी प्रभावित कर सकते हैं।
- बी एन पाण्डेय
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0