अयोध्या: कुलपति समेत 4 अफसरों के आवास अवध यूनिवर्सिटी में बनकर हुआ तैयार

Oct 1, 2025 - 22:57
Nov 8, 2025 - 12:49
 0  2
अयोध्या: कुलपति समेत 4  अफसरों के आवास  अवध यूनिवर्सिटी में बनकर हुआ तैयार
अवध यूनिवर्सिटी के नवीन परिसर में बनकर हुआ तैयार कुलपति आवास

अयोध्या, अचल वार्ता। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के नवीन परिसर में कुलपति समेत चार वरिष्ठ अफसरों के नए आवास बनकर तैयार हो गए हैं। 13 अक्तूबर को होने वाले 30वें दीक्षांत समारोह में प्रदेश की राज्यपाल और राज्य विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल इन आवासों का लोकार्पण कर सकती हैं। कुलपति दिवाली पर अपने नए आवास में शिफ्ट होंगे।

कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह ने अभी हाल ही में नवरात्र के शुभ मुहूर्त में नए आवास में पूजन-अर्चन करवाया था। इसमें विश्वविद्यालय के सभी संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, निदेशक, समन्वयक और नियमित शिक्षक आमंतित्र किए गए थे। इन सभी ने नए आवास के पूजन समारोह में शामिल होकर भोज का भी आनंद लिया था। पूजन के बाद भी अभी कुलपति नए आवास में शिफ्ट नहीं हुए हैं। दिवाली के शुभ अवसर पर उनके यहां रहने के लिए आने की संभावना है।

अवध विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. सिंह प्रभारी कुलपति के तौर पर इस समय कुमारगंज स्थित आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के कुलपति आवास में रह रहे हैं। वहीं से वह रोजाना अवध विश्वविद्यालय आते हैं और कामकाज निपटा कर वापस कुमारगंज लौट जाते हैं। इनके पहले पूर्व कुलपति प्रो. प्रतिभा गाेयल आईईटी परिसर में स्थित गेंदालाल दीक्षित अतिथि गृह में रहती थीं। जबकि कुलसचिव विनय सिंह नाका स्थित विश्वविद्यालय के अटल अतिथि गृह में रहते हैं।

अब विश्वविद्यालय के नवीन परिसर में कुलपति और कुलसचिव के साथ परीक्षा नियंत्रक व वित्त अधिकारी के नए आवास बनकर तैयार हो गए हैं। इन चारों के आवासों में फिनिशिंग और साज-सज्जा का काम अंतिम दौर में चल रहा है। इसके पूरे होते ही कुलपति, कुलसचिव और वित्त नियंत्रक नए आवासों में रहने लगेंगे। इन्हें अतिथि गृह में ठहरने की विवशता से मुक्ति मिल जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0