अयोध्या: वेतन भुगतान न होने पर नाराज विश्वविद्यालय कर्मी ने दी आत्महत्या की धमकी

Jan 7, 2026 - 13:26
Jan 20, 2026 - 10:12
 0  6
अयोध्या: वेतन भुगतान न होने पर नाराज विश्वविद्यालय कर्मी ने दी आत्महत्या की धमकी

अकारण 4 माह से रोक दिया गया है वेतन भुगतान

आर्थिक तंगी से जूझ रहे विश्वविद्यालय कर्मी ने मुख्यमंत्री सहित विश्वविद्यालय प्रशासन एवं स्थानीय पुलिस से की है शिकायत

मिल्कीपुर,अयोध्या। अयोध्या के आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, कुमारगंज में वेतन न मिलने से परेशान एक विश्वविद्यालय कर्मी ने आत्महत्या करने की धमकी दी है। कर्मचारी का आरोप है कि उसे बीते अक्टूबर 2025 से आज तक वेतन का भुगतान नहीं किया गया है जिसके चलते उसका परिवार भुखमरी के कगार पर है और जीविकोपार्जन का संकट पैदा हो गया है। विश्वविद्यालय कर्मी ने विश्वविद्यालय प्रशासन और सुरक्षा अनुभाग के प्रभारी अधिकारी डॉ विनोद कुमार सिंह को किसी भी अप्रिय घटना के लिए जिम्मेदार ठहराया है। कर्मचारी सतीश कुमार के अनुसार उसका वेतन सुरक्षा अनुभाग कार्यालय से जारी होता रहा है, लेकिन डॉ. सिंह कथित तौर पर बिना किसी ठोस कारण के उसका वेतन रोक रखे हैं। सतीश कुमार नाम का यह कर्मचारी निदेशक प्रशासन एवं परिवीक्षण के आदेश संख्या 3283 दिनांक 02.02.2023 के तहत बायोटेक्नोलॉजी विभाग और वाहन अनुभाग का अतिरिक्त दायित्व संभाल रहा है और इन कार्यालयों में अपनी सेवाएं दे रहा है।

वेतन न मिलने के कारण सतीश कुमार को गंभीर आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वह अपने ऋण की किस्तें चुकाने में भी असमर्थ है और अपने परिवार का भरण-पोषण नहीं कर पा रहा है। उसने यह भी बताया कि उसकी मां का स्वास्थ्य खराब रहता है और आर्थिक तंगी के कारण वह उनका इलाज नहीं करवा पा रहा है। कर्मचारी ने विश्वविद्यालय के कुलपति को संबोधित एक शिकायती पत्र में कहा है कि यदि एक सप्ताह के भीतर उसका वेतन जारी नहीं किया गया, तो वह आत्महत्या करने पर मजबूर हो जाएगा। उसने कुलपति से प्राथमिकता के आधार पर अक्टूबर 2025 से लंबित वेतन जारी करने का अनुरोध किया है।

पीड़ित कर्मी ने मामले में शिकायत की प्रतिलिपि स्थानीय थाना कुमारगंज सहित प्रदेश के मुख्यमंत्री और मंडलायुक अयोध्या व जिलाधिकारीको भेज दी है। इस संबंध में जब विश्वविद्यालय के प्रभारी सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार सिंह से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने फोन उठाना उचित नहीं समझा, जिससे उनसे बात नहीं हो सकी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0