लखीमपुर खीरी : किसान से मारपीट और अवैध वसूली का आरोप, आबकारी निरीक्षक के खिलाफ कार्रवाई की उठी मांग
लखीमपुर खीरी , अचल वार्ता । जिले के गोला गोकर्णनाथ में किसान से कथित मारपीट और अवैध वसूली के आरोप को लेकर शनिवार को गरीब मजदूर किसान पार्टी के पदाधिकारियों ने कड़ा विरोध जताते हुए एसडीएम के माध्यम से जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आबकारी निरीक्षक अवनीश रावत के खिलाफ निष्पक्ष जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि 1 मार्च को थाना हैदराबाद क्षेत्र के गांव मैसटा निवासी किसान मदनपाल गन्ना चीनी मिल में गन्ना डालकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से घर लौट रहा था। आरोप है कि रास्ते में आबकारी विभाग के कर्मचारियों ने उसकी ट्रॉली रुकवा ली और आबकारी निरीक्षक अवनीश रावत के निर्देश पर किसान को जबरन अपनी गाड़ी में बैठाकर चीनी मिल परिसर स्थित आबकारी कार्यालय ले जाया गया।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि कार्यालय ले जाने के बाद किसान के साथ मारपीट की गई और उससे 12 हजार रुपये की मांग की गई। पीड़ित किसान ने किसी तरह 5 हजार रुपये की व्यवस्था कर अपनी जान छुड़ाई। घटना के बाद से यह मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे किसानों में आक्रोश फैल गया है।
गरीब मजदूर किसान पार्टी के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर आबकारी निरीक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। संगठन का कहना है कि किसानों के साथ इस तरह का व्यवहार किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0