पूर्वी दिल्ली में प्रॉपर्टी डीलर को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर 5 करोड़ की फिरौती की धमकी
पूर्वी दिल्ली के वेस्ट विनोद नगर में प्रॉपर्टी डीलर जितेंद्र गुप्ता को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर 5 करोड़ रुपये की फिरौती की धमकी मिली। परिवार ने पुलिस से सुरक्षा मांगी।
नई दिल्ली, अचल वार्ता। पूर्वी दिल्ली के वेस्ट विनोद नगर इलाके में रहने वाले प्रॉपर्टी डीलर जितेंद्र कुमार गुप्ता और उनके परिवार को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर 5 करोड़ रुपये की फिरौती की धमकियां मिलने से हड़कंप मच गया है। कॉल और व्हाट्सएप के माध्यम से दी जा रही इन धमकियों से पूरा परिवार दहशत में है।
पीड़ित परिवार के अनुसार, धमकी देने वाले लोग जितेंद्र कुमार गुप्ता, उनके दोनों बेटों और भाई सतेंद्र कुमार गुप्ता को सीधे निशाना बनाने की बात कर रहे हैं। कॉल करने वालों ने साफ शब्दों में कहा है कि यदि फिरौती की रकम नहीं दी गई तो पूरे परिवार को गोली मार दी जाएगी।
गिरफ्तारी के बाद भी जारी हैं धमकियां
जानकारी के मुताबिक, पहले इस मामले में कुछ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, इसके बावजूद धमकियों का सिलसिला थम नहीं रहा है। अब धमकी देने वालों ने जितेंद्र के भाई को भी निशाने पर ले लिया है, जिससे परिवार की चिंता और बढ़ गई है।
ऑफिस बंद, बच्चों को सुरक्षित स्थान पर भेजा
लगातार मिल रही धमकियों के बाद जितेंद्र कुमार गुप्ता ने एहतियातन अपना प्रॉपर्टी ऑफिस बंद कर दिया है। वहीं, सुरक्षा कारणों से दोनों बेटों को एक अज्ञात सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है।
पुलिस से सुरक्षा की मांग, जांच जारी
पीड़ित परिवार ने इस संबंध में पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है और परिवार की सुरक्षा की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है, कॉल डिटेल्स और व्हाट्सएप मैसेज की तकनीकी जांच भी की जा रही है।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि धमकी देने वाले वास्तव में किसी गैंग से जुड़े हैं या फिर गैंग का नाम इस्तेमाल कर डराने की कोशिश की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0