देहरादून : शहरी विकास मंत्री से मिला भाजपा पार्षदों का प्रतिनिधि मंडल
देहरादून, अचल वार्ता। भारतीय जनता पार्टी के पार्षदों के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा से उनके यमुना कॉलोनी स्थित आवास पर मुलाकात कर नगर निगम से संबंधित विभिन्न जनहित के मुद्दों पर चर्चा की।
इस अवसर पर भाजपा की वरिष्ठ पार्षद अमिता सिंह ने मंत्री को अवगत कराया कि नगर निगम बोर्ड की बैठक में 715 सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति, सफाई कर्मचारियों के दैनिक मानदेय को ₹500 से बढ़ाकर ₹800 प्रतिदिन किए जाने तथा पार्षदों के भत्ते के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई थी। इसके बावजूद अधिकारियों की उदासीनता के कारण आज तक इन निर्णयों को लागू नहीं किया गया है। जबकि बोर्ड बैठक में यह स्पष्ट रूप से तय किया गया था कि नगर निगम स्वयं अपने संसाधनों से इन प्रस्तावों का वित्तीय भार वहन करेगा।
भाजपा पार्षद सतीश कश्यप ने कहा कि अब इन प्रस्तावों को शासन को भेजने की बात कही जा रही है, जबकि बोर्ड बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया था कि इन प्रस्तावों को शासन को भेजने की आवश्यकता नहीं होगी और नगर निगम अपने स्तर पर इन्हें लागू करने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि बोर्ड द्वारा पारित प्रस्तावों का सम्मान करते हुए उन्हें शीघ्र प्रभाव से लागू किया जाना चाहिए, ताकि सफाई कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों को उनका लाभ मिल सके।
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि इस विषय में नगर निगम अधिकारियों से वार्ता कर शीघ्र समाधान निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि बोर्ड के निर्णयों का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाना चाहिए तथा आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों से चर्चा की जाएगी।
इस अवसर पर भाजपा पार्षद अमिता सिंह, सतीश कश्यप, रमेश गौड़, पुष्कर सिंह चौहान, रेनू घेल, योगेश घाघट एवं रजनी देवी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0