अयोध्या में सहकारी शिक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन, किसानों को दी गई उन्नत कृषि तकनीकों की जानकारी
अयोध्या के बीकापुर क्षेत्र में सहकारी शिक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें किसानों को उन्नत कृषि तकनीक, मिट्टी परीक्षण, मृदा स्वास्थ्य कार्ड और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
अयोध्या , अचल वार्ता। जनपद अयोध्या में किसानों को आधुनिक और वैज्ञानिक खेती से जोड़ने के उद्देश्य से सहकारी शिक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सहायक आयुक्त (कृषि) अयोध्या पवन पटेल की अध्यक्षता में 11 जनवरी 2026 को बीकापुर विकास खंड के चौराहा क्षेत्र में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राहुल मिश्रा (उप जिला कृषि अधिकारी, अयोध्या) उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री महेंद्र प्रताप गौतम (कृषि वैज्ञानिक, कमालपुरा कृषि विज्ञान केंद्र, बाराबंकी), दीपक सिंह वर्मा (SDO, कृषि विभाग अयोध्या), रवीन्द्र तिवारी (चेयरमैन, चौराहा समिति) तथा आलोक प्रताप वर्मा (ग्राम प्रधान प्रतिनिधि, रौनी) मौजूद रहे।
किसानों को दी गई महत्वपूर्ण जानकारियां
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सहकारी समितियों को मजबूत करना, किसानों को नई कृषि तकनीकों से अवगत कराना और खेती की लागत घटाकर उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रेरित करना रहा। इस दौरान किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड, मिट्टी परीक्षण, रासायनिक उर्वरकों के संतुलित उपयोग और धरती माँ बचाओ अभियान की विस्तृत जानकारी दी गई।
सहायक आयुक्त (कृषि) पवन पटेल ने किसानों को मिट्टी परीक्षण किट वितरित करते हुए कहा कि वैज्ञानिक तरीके से खेती करने से न केवल उत्पादन बढ़ेगा, बल्कि भूमि की उर्वरता भी बनी रहेगी।
विशेषज्ञों ने साझा किया कृषि ज्ञान
कृषि वैज्ञानिक महेंद्र प्रताप गौतम ने फसलों में लगने वाले रोग, कीट प्रबंधन, उन्नत बीजों के प्रयोग और आधुनिक कृषि पद्धतियों पर किसानों को जागरूक किया।
वहीं उप जिला कृषि अधिकारी राहुल मिश्रा ने किसानों को केंद्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित कृषि योजनाओं और अनुदान की जानकारी दी।
SDO कृषि विभाग श्री दीपक सिंह वर्मा ने सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील करते हुए किसानों से आवेदन प्रक्रिया को समझने पर जोर दिया।
120 किसानों ने लिया भाग
कार्यक्रम के अंत में सहायक आयुक्त (कृषि) अयोध्या ने सभी अतिथियों, अधिकारियों और किसानों का आभार व्यक्त किया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में करीब 120 किसानों ने भाग लिया और इसे बेहद उपयोगी बताया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0