अयोध्या: बीकापुर तहसील में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित, 100 शिकायतें प्राप्त; 10 का मौके पर निस्तारण
अयोध्या के बीकापुर तहसील में जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ। 100 शिकायतें प्राप्त हुईं, 10 का मौके पर निस्तारण किया गया।
अयोध्या, अचल वार्ता। जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर के साथ शनिवार को तहसील बीकापुर सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया। समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने स्वयं प्रत्येक फरियादी की शिकायत को ध्यानपूर्वक सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं न्यायोचित कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जनता की समस्याओं को गंभीरता, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ सुना जाए तथा उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
रास्ता, चकमार्ग और अवैध निर्माण से जुड़े मामलों पर दिए निर्देश
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान ग्राम डेहरियावां, विकासखंड बीकापुर से रास्ते की भूमि पर अवैध निर्माण हटवाने की शिकायत प्राप्त हुई, जिस पर जिलाधिकारी ने एसएचओ बीकापुर को प्रकरण संज्ञान में लेकर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इसी क्रम में ग्राम गौरा, विकासखंड तारुन में चकमार्ग की पटाई कराए जाने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी एवं एसएचओ तारुन को जांच कर उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
वहीं ग्राम मरूई सहाय सिंह, विकासखंड बीकापुर में रास्ते पर जबरन मिट्टी डालकर अवरोध करने की शिकायत पर एसएचओ बीकापुर को जांच के निर्देश दिए गए।
100 शिकायतें दर्ज, 10 का मौके पर समाधान
जिलाधिकारी ने बताया कि बीकापुर तहसील में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान कुल 100 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 10 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
समाधान दिवस में मुख्य रूप से भूमि विवाद, राजस्व, सड़क, जल आपूर्ति, शिक्षा, स्वास्थ्य, राशन, पेंशन आदि से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं।
अधिकारी रहे उपस्थित.…
सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिला पूर्ति अधिकारी, उपजिलाधिकारी बीकापुर, क्षेत्राधिकारी बीकापुर, खंड विकास अधिकारी बीकापुर, खंड विकास अधिकारी तारुन, तहसीलदार बीकापुर सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0