लखीमपुर खीरी : उचौलिया में कांवड़ यात्रियों से भरी बस खाई में पलटी, एक की मौत

Aug 12, 2026 - 15:52
 0  4
लखीमपुर खीरी : उचौलिया में कांवड़ यात्रियों से भरी बस खाई में पलटी, एक की मौत

लखीमपुर खीरी , अचल वार्ता । राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर बुधवार तड़के कांवड़ियों से भरी डबल डेकर स्लीपर बस अचानक बेकाबू होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसा उचौलिया थाना क्षेत्र में उचौलिया गुरुद्वारे के पास शारदा नहर के किनारे हुआ।

बस में बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के करीब 73 श्रद्धालु सवार थे। सभी हरिद्वार से गंगाजल लेकर अयोध्या में जलाभिषेक करने जा रहे थे। हादसे में 50 वर्षीय हरिशंकर लाल यादव की मौत हो गई, जबकि आठ श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। करीब 30 अन्य घायलों का पलिया सीएचसी में इलाज कराया गया।

श्रद्धालुओं के मुताबिक, बस बुधवार तड़के उचौलिया गुरुद्वारे के पास शारदा नहर के नजदीक पहुंची थी। इसी दौरान चालक को अचानक झपकी आ गई। बस की रफ्तार भी ज्यादा बताई जा रही है। चालक का नियंत्रण छूटते ही बस सड़क से नीचे उतर गई और देखते ही देखते खाई में पलट गई। बस के पलटते ही अंदर सो रहे और बैठे श्रद्धालुओं में चीख-पुकार मच गई। कई लोग सीटों और बस के हिस्सों के बीच फंस गए। अंधेरे में हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़े और बचाव शुरू किया।

चीख-पुकार सुन ग्रामीण दौड़े, खिड़कियों से निकाले गए यात्री

हादसे की जानकारी मिलते ही 'सेवा का जुनून' टीम, गुरुद्वारा कमेटी के सदस्य और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। उचौलिया थाना अध्यक्ष अवधराज सिंह सेंगर पुलिस टीम के साथ पहुंचे। एनएचएआई की टीम ने भी राहत और बचाव में मदद की। पुलिस और ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। एक-एक कर घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया। हादसे के बाद हाईवे किनारे कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।

अस्पताल में इलाज के दौरान एक श्रद्धालु ने दम तोड़ा

हादसे में घायल हरिशंकर लाल यादव (50) की इलाज के दौरान मौत हो गई। उनकी मौत की खबर मिलते ही साथी श्रद्धालुओं में मातम छा गया। वहीं गंभीर रूप से घायल आठ लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए शाहजहांपुर रेफर किया गया। रेफर किए गए घायलों में लांभा देवी (50), सरल मेहता (45), सुखदेव दास (65), सूगी देवी (35), हीरालाल (65), सुशीला देवी (60), सुगाता देवी (50) और बस चालक सलाउद्दीन (43) शामिल हैं।

30 घायलों का पलिया में इलाज, अयोध्या जाने से पहले थमी यात्रा

हादसे में करीब 30 अन्य श्रद्धालुओं को भी चोटें आईं। इनका पलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज कराया गया। घायलों में लालमती, सुंगति, लालजी, लावन्ती देवी, बसन्ती देवी, रोकवा कुमारी, गीता देवी, धीरज कुमार, होरीलाल और मनोज समेत अन्य श्रद्धालु शामिल हैं।

बताया गया कि सभी श्रद्धालु बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के बिटिया गांव के रहने वाले हैं। हरिद्वार से गंगाजल लेकर उनका जत्था अयोध्या में जलाभिषेक के लिए निकला था, लेकिन लखीमपुर खीरी में हुए हादसे ने यात्रा को मातम में बदल दिया। पुलिस ने हादसे की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है।

रिपोर्ट - सतनाम सिंह 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0