सोनीपत: रिढाऊ-फरमाना में आयोजित हुआ हैवीवेट सर्कल कबड्डी महाकुंभ-2026*
सोनीपत, अचल वार्ता । रिढाऊ-फरमाना में लड़कों एवं लड़कियों के लिए हैवीवेट सर्कल कबड्डी महाकुंभ-2026 का आयोजन किया गया, जिसमें हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए खिलाड़ियों को आशीर्वाद दिया और उनका हौसला बढ़ाया। इस अवसर पर एशियन कबड्डी फेडरेशन के चेयरमैन गुलाब सिंह सैनी भी मौजूद रहे।
हरियाणा के खिलाड़ियों की उपलब्धियां पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय : कृष्ण लाल पंवार
विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि हरियाणा की धरती ने हमेशा देश को बेहतरीन खिलाड़ी दिए हैं और प्रदेश के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में जापान में आयोजित एशियन गेम्स में हिस्सा ले रही भारतीय कबड्डी की पुरुष एवं महिला टीमों में भी हरियाणा के खिलाड़ियों की महत्वपूर्ण भागीदारी है और हमारी दोनों टीमों ने सेमीफाइनल में जगह बना ली हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि हमारी दोनों कबड्डी टीम गोल्ड मेडल जीतकर देश का नाम रोशन करेंगी। उन्होंने खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि देश की बेटियां और बेटे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं और सभी को उनके उज्ज्वल प्रदर्शन के लिए प्रार्थना करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जब हरियाणा के खिलाड़ी देश का प्रतिनिधित्व करते हैं तो यह पूरे प्रदेश के लिए गौरव का क्षण होता है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के खेल आयोजन प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। सरकार का प्रयास है कि गांवों में खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं और आवश्यक संसाधन उपलब्ध करवाए जाएं, ताकि ग्रामीण अंचल की प्रतिभाएं आगे बढ़कर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश एवं देश का नाम रोशन कर सकें। उन्होंने कहा कि खेलों में आगे बढ़ने के लिए मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास जरूरी है तथा सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।
रिढाऊ गांव में कम्युनिटी सेंटर बनाने के साथ साथ खेल स्टेडियम की रिटेनिंग वॉल और जिम सामान के लिए 10 लाख देने की की घोषणा
मंत्री श्री पंवार ने विकास कार्यों की घोषणा करते हुए कहा कि यदि रिढाऊ गांव की ग्राम पंचायत एक एकड़ भूमि का प्रस्ताव देती है, तो वहां करीब एक करोड़ रुपये की लागत से कम्युनिटी हॉल बनवाने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने रिढाऊ गांव के खेल मैदान में रिटेनिंग वॉल बनवाने की मांग पर भी विभाग की ओर से आवश्यक कार्य करवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने रिढाऊ गांव में 10 लाख रुपये की लागत के जिम का सामान उपलब्ध करवाने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि युवाओं को खेलों एवं व्यायाम से जोड़ने के लिए गांवों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना आवश्यक है। इससे युवाओं को अपनी ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का अवसर मिलेगा।
जयंत गहलावत को जन्मदिन पर दी शुभकामनाएं, 21 हजार रुपये से किया सम्मानित
मंत्री ने हैवीवेट सर्कल कबड्डी महाकुंभ-2026 के आयोजन के अवसर पर जयंत गहलावत को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खेल प्रतियोगिता के आयोजन और खिलाड़ियों को मंच उपलब्ध करवाने के प्रयासों की सराहना करते हुए जयंत गहलावत को 21 हजार रुपये की सम्मान राशि देकर सम्मानित किया।
बड़े स्तर पर सर्कल कबड्डी को बढ़ावा देने पर जोर
मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि सर्कल कबड्डी को और बड़े स्तर पर बढ़ावा देने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि खेलों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मंच देने के लिए बड़े आयोजन किए जाने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं, जिनमें देश-विदेश से खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा करने का अनुभव भी मिलेगा। उन्होंने युवा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि चयन प्रक्रिया में प्रतिभा और प्रदर्शन को महत्व दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हाल ही होने वाले एशियन सर्कल कबड्डी खेलों में हरियाणा के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी शिल्लू बल्हारा, विनय खत्री और रवि दयोरा का चयन किया जाएगा। उन्होंने खिलाड़ियों से निरंतर मेहनत और बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए ग्रामीण स्तर पर ऐसे आयोजन जरूरी : गुलाब सिंह सैनी
एशियन कबड्डी फेडरेशन के चेयरमैन गुलाब सिंह सैनी ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि गांवों में आयोजित होने वाले सर्कल कबड्डी के ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन के साथ खेल भावना को बनाए रखते हुए लगातार अभ्यास करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर नगर परिषद चेयरपर्सन मोनिका दहिया, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. अनमोल, एसीपी जोगिंदर शर्मा, सर्कल कबड्डी खिलाड़ी सेठी फौजी व सुभाष रिढाऊ, अंतरराष्ट्रीय सर्कल कबड्डी खिलाड़ी विनय खत्री, दहिया खाप के प्रधान जयपाल दहिया, पूर्व एसीपी जोगिंदर दहिया, राजबीर दहिया, ब्लॉक समिति चेयरमैन सितेंद्र दहिया तथा अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी पूजा गहलावत सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0