अयोध्या: तालाब में डूबने से दो सगी बहनों की मौत, गांव में पसरा मातम

May 15, 2026 - 15:02
May 15, 2026 - 18:22
 0  0
अयोध्या: तालाब में डूबने से दो सगी बहनों की मौत, गांव में पसरा मातम

अयोध्या, अचल वार्ता। जिले के खंडासा थाना क्षेत्र अंतर्गत डुंडी अमानीगंज गांव में शुक्रवार को दर्दनाक हादसे में दो सगी बहनों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार गांव निवासी बब्लू रैदास की पुत्रियां नैनी (5 वर्ष) और सुनेनी (8 वर्ष) शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे घर से लगभग 100 मीटर दूर स्थित पांडे तारा तालाब में नहाने गई थीं। नहाते समय दोनों बच्चियां गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं।

बताया गया कि बड़ी बहन ने बचाने के लिए शोर मचाया, जिसकी आवाज सुनकर आसपास मौजूद एक युवक तुरंत तालाब में कूद पड़ा। किसी तरह दोनों बच्चियों को बाहर निकाला गया, तब तक गांव के काफी लोग भी मौके पर पहुंच चुके थे।

अचेत अवस्था में दोनों बच्चियों को परिजन तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खंडासा लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। मासूम बच्चियों की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में मातम पसर गया।

घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक खंडासा सुरेंद्र कुमार सोनकर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने दोनों शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय विधायक चंद्रभानु पासवान भी गांव पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। विधायक ने कहा कि तहसील प्रशासन के माध्यम से जो भी अनुमन्य आर्थिक सहायता होगी, उसे जल्द उपलब्ध कराया जाएगा।

ग्रामीणों के अनुसार बब्लू रैदास मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उनके परिवार में पांच बेटियां और एक बेटा है। इस हादसे के बाद पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0