फर्जी बाबू (क्लर्क) पर धोखाधड़ी और दलाली का आरोप, डीएम से शिकायत
अयोध्या, अचल वार्ता। जिले के तहसील मिल्कीपुर में खुद को अधिकारियों का खास बताकर लोगों से ठगी और दलाली करने का आरोप लगाते हुए एक पीड़ित ने जिलाधिकारी अयोध्या को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
बताते चलें कि खंडासा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर अमानीगंज निवासी मोनू पुत्र स्व. देवी प्रसाद ने जिलाधिकारी अयोध्या को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि उसने अपनी मेहनत की कमाई से जमीन खरीदने के लिए तहसील में बैठने वाले एक कथित फर्जी बाबू (क्लर्क) के माध्यम से अपने भाई अतुल पाण्डेय व उसकी पत्नी को रुपये दिए थे। आरोप है कि बाद में उक्त लोगों ने उसके साथ कूट रचना और जालसाजी कर रुपये हड़प लिए।
पीड़ित ने बताया कि मामले में न्यायालय के आदेश पर विपक्षियों के खिलाफ मुकदमा संख्या 89/2026 दर्ज किया गया है, जिसकी विवेचना चल रही है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि चट्टू पाण्डेय उर्फ दयाशंकर पाण्डेय नामक व्यक्ति तहसीलदार कोर्ट के पास आफिस में बैठकर खुद को तहसीलदार व एसडीएम का खास बताता है और लोगों से दलाली व धन उगाही करता है।
प्रार्थना पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि पूर्व में उक्त व्यक्ति का वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसके बाद तहसील परिसर में उसके प्रवेश पर रोक लगाई गई थी। बावजूद इसके वह फिर से तहसील परिसर में सक्रिय होकर लोगों से उगाही कर रहा है। पीड़ित ने जिलाधिकारी अयोध्या से मामले की जांच करा कर फर्जी बाबू समेत अन्य आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई करने तथा तहसील परिसर से बाहर कराने की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0