लखीमपुर खीरी: ट्रांसफार्मर पर काम करते समय करंट लगने से युवक की मौत, बिजली विभाग पर लापरवाही के आरोप
लखीमपुर खीरी, अचल वार्ता। नीमगांव थाना क्षेत्र की पुलिस चौकी सिकंदराबाद के अंतर्गत ग्राम रायपुर निवासी महेश गुप्ता (24) पुत्र स्वर्गीय राजेश कुमार गुप्ता की ट्रांसफार्मर पर तकनीकी खराबी ठीक करते समय करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल व्याप्त है। बताया गया कि बेला बोझी फीडर पर संविलियन विद्यालय रायपुर के सामने लगे ट्रांसफार्मर में आई तकनीकी खराबी को ठीक करने के लिए लाइनमैन उदय कुमार के निर्देश पर शटडाउन लिया गया था। इसी दौरान महेश गुप्ता लाइन की खराबी को दुरुस्त कर रहे थे। आरोप है कि तभी बिना किसी सूचना के एसएसओ बालगोविंद ने अचानक लाइन चालू कर दी, जिससे महेश गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही उनकी हालत बिगड़ गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा गंभीर रूप से झुलसे महेश को तत्काल गोला सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की असमय मौत से पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। मृतक के भाई रितनेश गुप्ता ने थानाध्यक्ष नीमगांव को लिखित तहरीर देकर लाइनमैन उदय कुमार और एसएसओ बालगोविंद के खिलाफ लापरवाही एवं गैर जिम्मेदारी का आरोप लगाते हुए नामजद एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
घटना की सूचना पर विधायक अमन गिरी भी गांव पहुंचे और परिजनों को शासन से हर संभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया। वहीं बढ़ते आक्रोश को देखते हुए थानाध्यक्ष प्रवीर गौतम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एक्सईएन अरविंद कुमार एवं एसडीओ अजय यादव ने भी पहुंचकर परिजनों और ग्रामीणों से वार्ता की।
अधिकारियों ने मृतक परिवार को शासन से पांच लाख रुपये की सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। एसडीओ द्वारा अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को तत्काल दस हजार रुपये नगद सहायता भी प्रदान की गई। थानाध्यक्ष प्रवीर गौतम ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0