लखीमपुर खीरी: एप्जा के जिला संरक्षक हाजी अब्दुल हसीब खान सुपुर्द-ए-खाक, अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब
लखीमपुर खीरी, अचल वार्ता। जिले में आल इंडिया प्रेस जर्नलिस्ट एसोसिएशन (एप्जा/AIPJA) के जिला संरक्षक, वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी मरहूम हाजी अब्दुल हसीब खान के इंतकाल से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। उनके निधन की खबर मिलते ही कस्बा कुकरा सहित आसपास के क्षेत्रों में मातमी माहौल छा गया। नम आंखों और भारी दिल के साथ हजारों लोगों ने उनके अंतिम सफर में शामिल होकर भावभीनी विदाई दी। जनाजे में उमड़ी भीड़ इस बात की गवाह बनी कि हाजी हसीब खान ने अपने नेक व्यवहार, सादगी और समाजसेवा के माध्यम से लोगों के दिलों में खास स्थान बनाया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 15 मई को कुकरा स्थित संविलियन विद्यालय परिसर में जमीन संबंधी विवाद को लेकर एक सार्वजनिक बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें दोनों पक्षों के लोग एवं ग्रामीण मौजूद थे। बताया जाता है कि काफी देर तक चली वार्ता के दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इस घटनाक्रम के बाद हाजी अब्दुल हसीब खान गहरे सदमे में आ गए और उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तत्काल घर पहुंचाया गया, जहां उनका निधन हो गया।
घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है, जिसे लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है।बमरहूम हाजी अब्दुल हसीब खान अपनी ईमानदारी, मिलनसार स्वभाव और समाजसेवा के लिए पूरे इलाके में सम्मानित व्यक्तित्व माने जाते थे। पत्रकारिता और सामाजिक कार्यों में उनकी सक्रिय भूमिका के चलते हर वर्ग के लोगों में उनकी विशेष पहचान थी।
इस दौरान ऑल इंडिया प्रेस जर्नलिस्ट एसोसिएशन (एप्जा) के चीफ कोऑर्डिनेटर अनुराग सारथी विशेष रूप से कुकरा पहुंचे और जनाजे में शामिल होकर मरहूम को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि हाजी अब्दुल हसीब खान का निधन समाज और पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। जनाजे की नमाज के बाद उन्हें नम आंखों से सुपुर्द-ए-खाक किया गया।
इस अवसर पर पलिया विधायक रोमी साहनी के प्रतिनिधि रोमी कक्कड़ ने भी शोक व्यक्त कर परिजनों को ढांढस बंधाया। अंतिम विदाई के दौरान एप्जा के जिला अध्यक्ष संदीप शुक्ला, जिला उपाध्यक्ष, तहसील टीम, वरिष्ठ पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे। सभी ने मरहूम की मगफिरत और परिजनों के लिए सब्र की दुआ की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0