अम्बेडकर नगर : ग्रा.प.ए ने पत्रकारों की समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री को भेजा 7 सूत्रीय मांग पत्र

Sep 16, 2025 - 20:50
Sep 17, 2025 - 08:46
 0  22
अम्बेडकर नगर : ग्रा.प.ए ने पत्रकारों की समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री को भेजा 7 सूत्रीय मांग पत्र

अचल वार्ता,अम्बेडकर नगर। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश की जनपद इकाई ने ग्रामीण पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और कल्याण को लेकर बड़ा कदम उठाया है। मंगलवार 16 सितंबर को संगठन ने जिलाधिकारी अम्बेडकरनगर के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को 7 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा।

जिलाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने बताया कि ग्रामीण पत्रकार सुदूर अंचलों में कठिन परिस्थितियों में कार्य करते हुए लोकतंत्र को मजबूत बनाने और शासन की योजनाओं को जनता तक पहुँचाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। इसके बावजूद उनकी समस्याओं और सुरक्षा की लंबे समय से अनदेखी की जा रही है। अब समय आ गया है कि शासन को ग्रामीण पत्रकारों के हितों पर ठोस निर्णय लेना चाहिए।

मांग पत्र के प्रमुख बिंदु

1. ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के लिए लखनऊ में शासन स्तर से कार्यालय भवन आवंटित किया जाए।

2. ग्रामीण पत्रकारों को भी मान्यता प्राप्त पत्रकारों की तरह आयुष्मान भारत योजना का लाभ मिले।

3. ग्रामीण पत्रकारों को शासन की बीमा योजना और बुजुर्ग पत्रकारों को पेंशन सुविधा दी जाए।

4. किसी ग्रामीण पत्रकार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने से पूर्व राजपत्रित अधिकारी से अनिवार्य जांच कराई जाए।

5. तहसील स्तर पर प्रशासन और पत्रकारों की नियमित बैठकें आयोजित हों।

6. प्राकृतिक आपदा या दुर्घटना में मृत पत्रकार के परिजनों को किसान बीमा की तरह 5 लाख रुपये तथा मुख्यमंत्री राहत कोष से 20 लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जाए।

7. ग्रामीण क्षेत्रों में सक्रिय फर्जी पत्रकारों की पहचान कर उन पर कठोर कार्रवाई की जाए।

जिलाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने कहा कि ये मांगें केवल ग्रामीण पत्रकारों के अधिकार और सुरक्षा से जुड़ी नहीं हैं, बल्कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को और मजबूत करने का प्रयास भी हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री इन पर सकारात्मक निर्णय लेंगे, ताकि पत्रकार निडर होकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकें।

इस मौके पर संरक्षक शरीफ मसूदी, लालमणि गॉड, कृष्ण सिंह, मनोज मद्धेशिया, योगेंद्र यादव, सिद्धार्थ श्रीवास्तव, कृष्णा कुमार तिवारी, राम बहादुर यादव, दिनेश वर्मा, डॉ. शाहिद अख्तर, संजय शर्मा, राजकुमार मौर्य, अनिल सिंह, गिरजा शंकर गुप्ता, रविन्द्र वर्मा, अनीश मसूरी, डी.एस. यादव, बागी त्रिपाठी, अमित कुमार, प्रमोद वर्मा समेत अनेक पत्रकार मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 1
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0