लखीमपुर खीरी: साइबर क्राइम पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अंतरजनपदीय साइबर ठगी गिरोह के 12 सदस्य गिरफ्तार

May 15, 2026 - 20:51
May 15, 2026 - 20:55
 0  28
लखीमपुर खीरी: साइबर क्राइम पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अंतरजनपदीय साइबर ठगी गिरोह के 12 सदस्य गिरफ्तार

लखीमपुर खीरी, अचल वार्ता। साइबर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना साइबर क्राइम पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण एवं सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में साइबर थाना पुलिस ने खमरिया क्षेत्र में छापेमारी कर साइबर ठगी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह के 12 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।

   पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से भारी मात्रा में साइबर ठगी में प्रयुक्त सामग्री बरामद की है, जिसमें 1494 सिम कार्ड, 27 एंड्रायड मोबाइल फोन, 26 एटीएम/डेबिट/क्रेडिट कार्ड, फिंगर प्रिंट रीडर डिवाइस, आयुष्मान कार्ड, पासबुक, चेकबुक सहित 61 हजार रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त होंडा अमेज कार शामिल है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार गिरोह गांवों के भोले-भाले और गरीब लोगों को आयुष्मान कार्ड तथा अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का झांसा देकर उनके दस्तावेज हासिल करता था।

  इसके बाद विभिन्न बैंकों में खाते खुलवाकर उनसे जुड़े दस्तावेज अपने पास रख लेते थे। अभियुक्त इन खातों और ऑनलाइन वॉलेट का इस्तेमाल बिग विनर समेत अन्य बैटिंग एप्स के जरिए साइबर फ्रॉड की रकम ट्रांसफर करने में करते थे और इसके बदले कमीशन लेते थे। जांच एजेंसियों को भ्रमित करने के लिए खातों और सिम कार्ड गरीब लोगों के नाम पर जारी कराए जाते थे, जबकि गिरोह के मुख्य सदस्य खुद को बचाने में सफल रहते थे।

   गिरफ्तार अभियुक्तों में अनिल वर्मा, सर्वेश कुमार, राहुल राज, दीपक कुमार, अमित रंजन, संजय कुमार, हरीश कुमार, अमर सिंह, शिवम पाण्डेय, कपिल तथा अवधेश सहित कुल 12 आरोपी शामिल हैं। सभी अभियुक्तों के खिलाफ थाना साइबर क्राइम खीरी में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई को साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

  गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक हेमंत कुमार राय, निरीक्षक देवेंद्र कुमार, उपनिरीक्षक आशीष सहरावत, उपनिरीक्षक सुनील पवार, आरक्षी राहुल चौधरी एवं आरक्षी मयंक वर्मा शामिल रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0