लखीमपुर खीरी: शिकारियों के बिछाए करंट तार ने ली युवक की जान, ग्रामीणों का हंगामा
लखीमपुर खीरी, अचल वार्ता। थाना पासगंवा क्षेत्र के मकसूदपुर गांव में अवैध रूप से बिछाए गए बिजली के तार की चपेट में आने से 30 वर्षीय किसान विमल वर्मा उर्फ कल्लू की मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर जहानीखेड़ा–बरवर मार्ग पर करीब चार घंटे तक जाम लगाकर प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों के अनुसार, शनिवार रात कुछ शिकारियों ने जंगली जानवरों का शिकार करने के उद्देश्य से खेत में कटिया डालकर अवैध रूप से करंट प्रवाहित तार बिछा दिया था। रविवार सुबह विमल अपने खेत में सिंचाई करने गए थे, तभी वह करंट की चपेट में आ गए। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सीएचसी पसगवां भेजा गया। रविवार दोपहर करीब एक बजे जब शव गांव पहुंचा तो आक्रोशित परिजन और ग्रामीणों ने जहानीखेड़ा – बरवर मार्ग पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर मोहम्मदी के एसडीएम चालुव आर. राजू और क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने उचित कार्रवाई और मुआवजे का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया। विमल परिवार के इकलौते बेटे थे। उनकी शादी पांच वर्ष पूर्व खुटार क्षेत्र के सोंफरी गांव निवासी नेहा देवी से हुई थी। उनका एक चार वर्षीय पुत्र निहाल वर्मा है। विमल की तीन बहनें हैं, जिनमें एक की शादी हो चुकी है, जबकि दो बहनें अविवाहित हैं।
परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मृतक के पिता की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है तथा नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0