हिंसा से प्रभावित महिलाओं एवं बालिकाओं को एक ही छत के नीचे मिलेगी हरसंभव सहायता : विधायक निखिल मदान

Aug 20, 2026 - 17:09
Aug 20, 2026 - 17:18
 0  2
हिंसा से प्रभावित महिलाओं एवं बालिकाओं को एक ही छत के नीचे मिलेगी हरसंभव सहायता : विधायक निखिल मदान
सोनीपत , अचल वार्ता। विधायक निखिल मदान ने गुरुवार को बतौर मुख्यातिथि महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत संचालित वन स्टॉप सेंटर, सोनीपत का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रवीन कुमारी, पंचायती राज विभाग के कार्यकारी अभियंता कुलबीर सिंह तथा वन स्टॉप सेंटर की इंचार्ज अंशु जैन सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
महिलाओं को सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता : निखिल मदान
इस अवसर पर विधायक निखिल मदान ने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाना समाज और प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है। वन स्टॉप सेंटर हिंसा से प्रभावित महिलाओं और बालिकाओं के लिए एक महत्वपूर्ण सहायता केंद्र के रूप में कार्य करेगा, जहां जरूरतमंद महिलाओं को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने के बजाय एक ही स्थान पर विभिन्न प्रकार की आवश्यक सेवाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।
 ऐसे केंद्र महिलाओं को कठिन परिस्थितियों से बाहर निकलने में सहायता प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने में भी मददगार साबित होंगे। उन्होंने वन स्टॉप सेंटर के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आह्वान किया कि यहां आने वाली प्रत्येक महिला की समस्या को संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए उसे त्वरित एवं प्रभावी सहायता उपलब्ध करवाई जाए।
जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रवीन कुमारी ने कहा कि वन स्टॉप सेंटर महिलाओं एवं बालिकाओं को संकट की स्थिति में आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाने के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि सेंटर पर आने वाली प्रत्येक महिला की समस्या को गोपनीयता, संवेदनशीलता और सम्मान के साथ सुना जाएगा तथा आवश्यकता के अनुसार संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी।
 महिला एवं बाल विकास विभाग का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों और उपलब्ध सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक करना भी है, ताकि किसी भी महिला को कठिन परिस्थिति में अकेले संघर्ष न करना पड़े।
एक ही स्थान पर मिलेंगी कई महत्वपूर्ण सेवाएं
उन्होंने बताया कि महिला वन स्टॉप सेंटर का मुख्य उद्देश्य हिंसा से प्रभावित महिलाओं एवं बालिकाओं को एक ही स्थान पर समेकित सहायता उपलब्ध करवाना है। वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से जरूरतमंद महिलाओं को चिकित्सीय सहायता, पुलिस सहायता, कानूनी सहायता, मनोवैज्ञानिक परामर्श तथा अस्थायी आश्रय जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। इसका उद्देश्य पीड़ित महिला को संकट की स्थिति में तत्काल सहयोग प्रदान करना और उसे सुरक्षित वातावरण उपलब्ध करवाना है।
विभिन्न विभागों के बीच समन्वय से मिलेगी प्रभावी सहायता
वन स्टॉप सेंटर की इंचार्ज अंशु जैन ने बताया कि सेंटर में विभिन्न स्तरों पर आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाने के लिए संबंधित स्टाफ की व्यवस्था की गई है। महिलाओं को उनकी आवश्यकता के अनुसार चिकित्सा, पुलिस, कानूनी एवं मनोवैज्ञानिक सहायता उपलब्ध करवाने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय किया जाएगा।
सेंटर का प्रयास रहेगा कि पीड़ित महिला को सहायता प्राप्त करने के लिए अलग-अलग स्थानों पर जाने की आवश्यकता न पड़े और उसे एक ही स्थान पर समग्र सहायता उपलब्ध हो सके।
कार्यक्रम में वन स्टॉप सेंटर से काउंसलर शिल्पी व समीक्षा, पैरामेडिकल स्टाफ राजेश, पुलिस विभाग के कर्मचारी सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0