लखनऊ : आगामी 15 अगस्त तक महापुरूषों एवं राष्ट्रनायकों की निर्माणाधीन प्रतिमाएं हरहाल में तैयार की जाए-जयवीर सिंह

May 20, 2026 - 17:42
 0  0

लखनऊ, अचल वार्ता : उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने संस्कृति विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि राष्ट्रनायकों एवं महापुरूषों की निर्माणाधीन प्रतिमाएं आगामी 15 अगस्त, 2026 तक तैयार कर ली जाए। उन्होंने वर्ष 2022-23 से अब तक निर्मित एवं स्वीकृत मूर्तियों की वर्षवार संख्या की रिपोर्ट भी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
 जयवीर सिंह आज अन्तर्राष्ट्रीय संग्रहालय दिवस के अवसर पर उ0प्र0 राज्य संग्रहालय निदेशालय में आयोजित कार्यक्रम के समापन के उपरान्त विभाग द्वारा मूर्ति निर्माण को लेकर संचालित गतिविधियों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने इस अवसर पर पाश्चात्य मूर्तिकला वीथिका का लोकार्पण एवं संग्रहालय की पुरातत्व पत्रिका-2026 का विमोचन किया। उन्होंने कहा कि संग्रहालय में संरक्षित दुर्लभ वस्तुएं हमारी समृद्धि संस्कृति की प्रतीक एवं ऐतिहासिक धरोहर हैं।
पर्यटन मंत्री ने कहा कि इन दुर्लभ वस्तुओं को संरक्षण करके अगली पीढ़ी तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि मूर्तियों के निर्माण की वर्तमान स्थिति पर एक रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए और समस्त निर्मित की जाने वाली मूर्तियों के संबंध में कार्यालय आदेश एक सप्ताह में जारी हो जाने चाहिए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि कितनी मूर्तियां अब तक तैयार होकर पड़ी हुई हैं और मूर्ति स्थापना हेतु किन-किन जनपदों से प्रस्ताव आये हैं।
बैठक में बताया गया कि महाराणा प्रताप की अश्वारोही 12.5 फिट की दो प्रतिमाएं एवं सरदार बल्लभ भाई पटेल की 12.5 फिट ऊॅची प्रतिमाएं निर्मित की गयी है। इसके अलावा पृथ्वीराज चौहान की 12.5 फिट ऊॅची प्रतिमा भी निर्माणाधीन है।
उन्होंने इस अवसर पर संस्कृति विभाग के सभी संस्थानों में ऊर्जा बचाने के लिए विशेष सचिव संस्कृति विभाग श्री संजय कुमार सिंह को आदेश निर्गत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मा0 प्रधानमंत्री जी ने पेट्रोल, डीजल एवं विद्युत का विवेकपूर्ण उपयोग करने के निर्देश दिए है। इसी क्रम में सभी विभाग बिजली बचाने एवं अपव्यय रोकने का हरसंभव प्रयास करें।
इस अवसर पर विशेष सचिव संस्कृति  संजय कुमार सिंह, अपर निदेशक संस्कृति श्रीमती सृष्टि धवन, सहायक निदेशक तुहिन द्विवेदी एवं अमित अग्निहोत्री आदि अधिकारी मौजूद थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0