हरदोई : मोदी के नेतृत्व में देश ने सभी क्षेत्रों में किया अभूतपूर्व विकास : असीम अरुण
हरदोई , अचल वार्ता । प्रधानमंत्री के नेतृत्व में 140 करोड़ भारतीयों की सेवा के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शनिवार को स्वामी विवेकानंद सभागार में प्रभारी मंत्री एवं समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने मीडिया संवाद कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की।
प्रभारी मंत्री असीम अरुण ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि आधारभूत संरचना के विकास में गंगा एक्सप्रेसवे हरदोई जनपद के विकास को नई गति प्रदान करेगा। साथ ही प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति बेहतर हुई है और औद्योगिक विकास भी निरंतर आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री जनधन योजना और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से सरकारी सहायता सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंच रही है, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हुई है। सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने से लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आया है।
मीडिया संवाद के दौरान प्रभारी मंत्री ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण एवं प्राण प्रतिष्ठा, काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर तथा उज्जैन के महाकाल लोक जैसे धार्मिक और सांस्कृतिक विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन परियोजनाओं ने देश की सांस्कृतिक विरासत को नया गौरव प्रदान किया है। चंद्रयान-3 की सफलता, यूपीआई की वैश्विक पहचान और जी-20 की अध्यक्षता ने विश्व मंच पर भारत की साख को मजबूत किया है। जीएसटी व्यवस्था के माध्यम से पूरे देश में एकीकृत कर प्रणाली लागू की गई है। वहीं पीएलआई योजना और मेक इन इंडिया अभियान ने घरेलू उत्पादन एवं निवेश को बढ़ावा दिया है। हाई स्पीड रेल परियोजनाओं तथा अन्य अवस्थापना सुविधाओं के विस्तार से आवागमन अधिक सुगम हुआ है और विकास को नई दिशा मिली है।
प्रेस वार्ता के उपरांत प्रभारी मंत्री ने कलेक्ट्रेट परिसर में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी अनुनय झा, सण्डीला विधायक अलका अर्कवंशी, साण्डी विधायक प्रभाष कुमार, विधायक रामपाल वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन, नगर पालिका अध्यक्ष सुख सागर मिश्र, मुख्य विकास अधिकारी नेहा व्याडवाल, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रफुल्ल त्रिपाठी, नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0