लखीमपुर खीरी : यातायात पुलिस का विशेष अभियान, 414 वाहनों के चालान, स्कूल स्टाफ को किया गया जागरूक
लखीमपुर खीरी , अचल वार्ता। सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा बुधवार को विशेष अभियान चलाया गया। यह अभियान एवं सहित शहर के विभिन्न प्रमुख चौराहों पर संचालित किया गया।
अभियान पुलिस अधीक्षक खीरी, अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी यातायात के पर्यवेक्षण में संपन्न हुआ। अभियान के दौरान अजमानी इंटरनेशनल स्कूल एवं लखनऊ पब्लिक स्कूल में वाहन चालकों, परिचालकों तथा आया कर्मियों की विशेष महापंचायत आयोजित कर उन्हें यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।
इस अवसर पर सड़क सुरक्षा, वाहन संचालन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों तथा बच्चों की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी दी गई। साथ ही यातायात चिन्हों से संबंधित पम्पलेट वितरित कर नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया गया। इसके उपरांत यातायात पुलिस द्वारा एलआरपी चौराहा, राजापुर चौराहा एवं संकटा देवी चौराहा पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की गई।
अभियान में 03 ई-रिक्शा सीज किए गए तथा बिना हेलमेट चलने वाले 337 वाहन चालकों, तीन सवारी बैठाने वाले 20, रांग साइड वाहन चलाने वाले 10, नो पार्किंग में वाहन खड़े करने वाले 10, सीट बेल्ट का प्रयोग न करने वाले 17, प्रेशर हॉर्न का प्रयोग करने वाले 20 तथा मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए वाहन चलाने वाले 05 चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 414 वाहनों का चालान करते हुए 2 लाख 50 हजार 500 रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की कि वाहन चलाते समय सभी यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें तथा सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0