अयोध्या : मोहली सड़क जर्जर,आवागमन में भारी परेशानी, ग्रामीणों ने प्रशासन से मरम्मत की मांग की, हादसों का बना खतरा

अयोध्या के मिल्कीपुर क्षेत्र में अटेसर से मोहली तक की सड़क जर्जर हो गई है। गहरे गड्ढों से हादसों का खतरा बढ़ा, ग्रामीणों ने प्रशासन से मरम्मत की मांग की।

Jan 16, 2026 - 22:08
Jan 24, 2026 - 20:38
 0  3
अयोध्या : मोहली सड़क जर्जर,आवागमन में भारी परेशानी, ग्रामीणों ने प्रशासन से मरम्मत की मांग की, हादसों का बना खतरा
  • मिल्कीपुर में अटेसर से मोहली तक जर्जर सड़क बनी लोगों की मुसीबत, हादसों का बढ़ा खतरा

मिल्कीपुर, अयोध्या ,अचल वार्ता। मिल्कीपुर तहसील अंतर्गत अमानीगंज विकास खंड में ग्राम पंचायत अटेसर से मोहली गांव तक करीब तीन किलोमीटर लंबी सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। सड़क गहरे गड्ढों में तब्दील हो गई है, जिससे प्रतिदिन सैकड़ों राहगीरों, स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

यह मार्ग बाबा संत भीखा दास मंदिर तक जाता है, जहां प्रत्येक मंगलवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इसके अलावा आसपास के दर्जनों गांवों के लोग, इंटर कॉलेज व परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राएं भी इसी सड़क से आवागमन करते हैं।

पत्थर और गिट्टियां बनीं परेशानी

सड़क पर बड़े-बड़े पत्थर और गिट्टियां बिखरी पड़ी हैं, जिससे बच्चों की साइकिलें अक्सर पंचर हो जाती हैं। दोपहिया वाहन चालकों का संतुलन बिगड़ना आम हो गया है, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। रात के समय गड्ढे स्पष्ट दिखाई नहीं देते, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा और बढ़ जाता है।

स्कूली बच्चे और मरीज सबसे ज्यादा प्रभावित

ग्रामीणों का कहना है कि स्कूली बच्चे, बुजुर्ग, गर्भवती महिलाएं और मरीज प्रतिदिन जान जोखिम में डालकर इस मार्ग से गुजरने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन और लोक निर्माण विभाग सड़क की इस बदहाल स्थिति से अनजान बने हुए हैं।

कई बार की गई शिकायत, नहीं हुआ समाधान

ग्राम पंचायत अटेसर के प्रधान प्रतिनिधि विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि सड़क की मरम्मत के लिए उन्होंने कई बार जिला प्रशासन से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

स्थानीय निवासी अमर बहादुर सिंह, अजय कुमार सिंह, श्याम नारायण तिवारी, आशीष गुप्ता, राजू कौशल, रामकुमार और जय नारायण ने भी प्रधान के साथ-साथ क्षेत्रीय विधायक को समस्या से अवगत कराया है।

विधायक और विभाग का आश्वासन

ग्रामीणों के अनुसार विधायक ने नए साल में सड़क ठीक करवाने का आश्वासन दिया है। वहीं, लोक निर्माण विभाग के जेई प्रशांत मणि त्रिपाठी ने बताया कि मौसम अनुकूल होते ही सड़क की मरम्मत और पैच वर्क कर इसे दुरुस्त कराया जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0