लखीमपुर खीरी : तिरंगे संग निकली पदयात्रा, ‘भारत माता की जय’ से गूंजा शहर

Aug 11, 2026 - 16:45
 0  0
लखीमपुर खीरी : तिरंगे संग निकली पदयात्रा, ‘भारत माता की जय’ से गूंजा शहर

लखीमपुर खीरी, अचल वार्ता। तिरंगा हाथों में था, दिलों में देशभक्ति का जज्बा और जुबां पर ‘भारत माता की जय’ के नारे। मंगलवार सुबह शहर की सड़कें राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गईं। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत जिला प्रशासन की ओर से निकली तिरंगा पदयात्रा में जनप्रतिनिधियों से लेकर अफसर, स्कूली बच्चे, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट-गाइड, सरकारी कर्मचारी, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि और आमजन एक साथ कदमताल करते नजर आए।

कलेक्ट्रेट से निकला देशभक्ति का कारवां

कलेक्ट्रेट से तिरंगा पदयात्रा का शुभारंभ विधायक सदर योगेश वर्मा, धौरहरा विधायक विनोद शंकर अवस्थी, डीएम अंजनी कुमार सिंह और सीडीओ अभिषेक कुमार ने किया। शुभारंभ के बाद जनप्रतिनिधि और अधिकारी स्वयं हाथों में तिरंगा लेकर पदयात्रा में शामिल हुए। उनके साथ बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे और युवा भी कदमताल करते नजर आए।

कलेक्ट्रेट से शुरू हुआ पदयात्रा का कारवां मां जानकी (सौजन्या) चौक, गुरु गोविंद सिंह चौक, घंटाघर, जीआईसी और परशुराम चौक होते हुए मेमोरियल मैदान पहुंचा। रास्तेभर ‘वंदे मातरम्’ और ‘भारत माता की जय’ के जयघोष गूंजते रहे। हाथों में लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों से उत्साहित बच्चे लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे।

अफसर भी बने कारवां का हिस्सा, बच्चों ने बढ़ाया जोश

तिरंगा पदयात्रा में एनसीसी कैडेट्स, स्काउट-गाइड, छात्र-छात्राओं, स्वयंसेवी संस्थाओं और सरकारी कर्मचारियों की भागीदारी ने इसे जनअभियान का स्वरूप दिया। डीएम अंजनी कुमार सिंह, सीडीओ अभिषेक कुमार, एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह, ब्रजपाल सिंह समेत प्रशासनिक अधिकारी पूरे रास्ते पदयात्रा में शामिल रहे। अधिकारियों ने तिरंगे के सम्मान के साथ ही नागरिकों को देश के प्रति अपने दायित्वों के निर्वहन का संदेश दिया।

तिरंगा बना गौरव का प्रतीक, छात्राओं की प्रस्तुतियों ने बांधा देशभक्ति का समां

पदयात्रा के बाद मेमोरियल सभागार में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुआ। सनातन धर्म सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इंटर कॉलेज और आर्य कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं ने देश भक्ति गीत पर अपनी शानदार प्रस्तुति दी। इस दौरान तिरंगा का वितरण भी किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक योगेश वर्मा ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान राष्ट्रप्रेम, सम्मान और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करता है। आजादी के वीरों के त्याग और बलिदान से मिले स्वतंत्र भारत की एकता-अखंडता को मजबूत करते हुए सभी विकसित भारत के निर्माण में योगदान दें।

विधायक विनोद शंकर अवस्थी ने कहा कि तिरंगा हर भारतीय के गौरव और स्वाभिमान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। युवाओं और विद्यार्थियों को स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।

कर्तव्य और जिम्मेदारी का भी प्रतीक है तिरंगा : डीएम

डीएम अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रध्वज नहीं, बल्कि हमारे कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का भी प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से देशभक्ति को जनभागीदारी से जोड़ने का अवसर मिला है। उन्होंने सभी से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया।

सीडीओ ने जताया आभार

कार्यक्रम के अंत में सीडीओ अभिषेक कुमार ने सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं आमजन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि तिरंगा पदयात्रा ने जिले में राष्ट्रभक्ति और जनभागीदारी की भावना को नई ऊर्जा दी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0