मालदा से देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन रवाना, पीएम मोदी ने ममता सरकार पर बोला हमला
मालदा से देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन रवाना। पीएम मोदी ने विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया और पश्चिम बंगाल की ममता सरकार पर जमकर निशाना साधा।
मालदा , अचल वार्ता। पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को मालदा टाउन पहुंचकर कई अहम विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही उन्होंने पश्चिम बंगाल की टीएमसी सरकार और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वह देश के प्रधान सेवक के रूप में बंगाल के लोगों की पूरी ईमानदारी से सेवा करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार गरीबों के लिए योजनाओं के तहत धन भेजती है, लेकिन टीएमसी सरकार के लोग उस पैसे को लूट लेते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी के लोग बंगाल के गरीबों के दुश्मन हैं और उन्हें जनता की तकलीफों से कोई सरोकार नहीं है।
आयुष्मान भारत को लेकर ममता सरकार पर निशाना...
पीएम मोदी ने कहा कि वह चाहते हैं कि बंगाल के लोगों को भी 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिले और राज्य में आयुष्मान भारत योजना लागू हो, लेकिन बंगाल देश का एकमात्र राज्य है जहां इस योजना को लागू नहीं होने दिया गया। उन्होंने कहा कि ऐसी “निर्दयी और निर्मम सरकार” की बंगाल से विदाई जरूरी है।
भाजपा के विकास मॉडल को मिल रहा देशभर में समर्थन...
प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा ने पूरे देश में सुशासन और विकास का नया मॉडल तैयार किया है, जिसे जनता का आशीर्वाद मिल रहा है। उन्होंने महाराष्ट्र के शहरी निकाय चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि बीएमसी में भाजपा की ऐतिहासिक जीत हुई है। इसके अलावा तिरुवनंतपुरम में पहली बार भाजपा का मेयर बनना इस बात का प्रमाण है कि देश की जनरेशन-जी (Gen-Z) भाजपा के विकास मॉडल पर भरोसा कर रही है।
2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य
पीएम मोदी ने कहा कि देश 2047 तक विकसित भारत बनने के लक्ष्य पर आगे बढ़ रहा है और इसके लिए पूर्वी भारत का विकास बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि ओडिशा, त्रिपुरा, असम और बिहार में भाजपा या एनडीए की सरकारें बन चुकी हैं और अब बंगाल में भी सुशासन की बारी है।
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की शुरुआत
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज से भारत में वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की शुरुआत हो रही है, जिससे लंबी दूरी की यात्रा और अधिक आरामदायक होगी। नई रेल सेवाओं से बंगाल में यात्रा, व्यापार और कारोबार को बढ़ावा मिलेगा।
मालदा की सांस्कृतिक विरासत का किया उल्लेख
पीएम मोदी ने कहा कि मालदा प्राचीन ज्ञान, राजनीति और संस्कृति की चेतना का केंद्र रहा है। उन्होंने महान सपूत सुवेंदु शेखर रॉय को नमन किया और मालदा की पहचान को रेशम, लोक संगीत और बौद्धिक चेतना से जोड़ा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0