लखीमपुर खीरी : शिक्षकों को मिलेगा ₹5 लाख तक कैशलेस इलाज
अब इलाज की चिंता नहीं, जिले के 21,258 शिक्षकों और अन्य कार्मिकों को मिलेगा पांच लाख तक का कैशलेस उपचार
मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ, राज्यमंत्री रजनी तिवारी ने वितरित किए हेल्थ कार्ड
वाराणसी से सीएम के कार्यक्रम का हुआ सीधा प्रसारण, शिक्षकों ने जताया सरकार का आभार
लखीमपुर खीरी, अचल वार्ता। जिले के शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और रसोइयों के लिए मंगलवार का दिन राहत भरा रहा। जिलेभर में "मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना" के शुभारंभ और डीबीटी वितरण कार्यक्रम हुए। जिला मुख्यालय पर रॉयल पैराडाइज में आयोजित कार्यक्रम का राज्यमंत्री (उच्च शिक्षा) श्रीमती रजनी तिवारी ने जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता, डीएम अंजनी कुमार सिंह, सीडीओ अभिषेक कुमार ने दीप जलाकर किया। कार्यक्रम का सफल संयोजन बीएसए प्रवीण तिवारी ने किया।
सर्वप्रथम सनातन धर्म सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इंटर कॉलेज की बालिकाओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। वाराणसी में आयोजित मुख्यमंत्री जी के कार्यक्रम की लाइव स्ट्रीमिंग देखी और सुनी गई। इसके बाद 20 लाभार्थियों (बेसिक व माध्यमिक शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक एवं रसोईया) को कैशलेस चिकित्सा कार्ड प्रदान किए। वही स्कूल चलो अभियान के प्रथम चरण में नामांकन में उल्लेखनीय वृद्धि के लिए शिक्षक सरोज कुमार, मार्कण्डेय सिंह, इकबाल अहमद, जगदंबा प्रसाद मिश्रा, अश्वनी तिवारी को सम्मानित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री रजनी तिवारी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने शिक्षकों के सम्मान और सामाजिक सुरक्षा की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। मुख्यमंत्री द्वारा शुरू की गई इस योजना से अब शिक्षकों, शिक्षामित्र अनुदेशकों एवं रसोईया और उनके आश्रित परिवारों को पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव भी तैयार करते हैं।
आज मुख्यमंत्री जी ने वाराणसी से प्रदेश के शिक्षकों व उनके परिजनों को मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना का तोहफा दिया है। सीएम शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के लागू होने के साथ ही लखीमपुर खीरी के 21258 शिक्षकों और उनके उनके आश्रित परिवार के सदस्यों को पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होगी। योजना में 8059 नियमित शिक्षकों के साथ 3186 शिक्षामित्र, 826 अनुदेशक, 8886 रसोइया, 53 बेसिक शिक्षा में कार्यरत विशेष शिक्षक और 248 कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के पात्र कार्मिकों को भी शामिल किया गया है।
जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने कहा कि आज से शिक्षकों को परेशान नहीं होना पड़ेगा, उन्हें समय पर गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा मिलेगी। परिवार सुखी रहता है तो कोई भी चिंता मुक्त होकर काम करता है। उन्होंने माध्यमिक शिक्षा और बेसिक शिक्षा के सभी शिक्षकों और बच्चों को हृदय से बधाई दी। शिक्षक सिर्फ पढ़ाता ही नहीं है बल्की राष्ट्र का निर्माण करता है।
डीएम अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि सीएम शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना शिक्षकों और उनके परिवारों को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे शिक्षक आर्थिक चिंता से मुक्त होकर पूरे मनोयोग से राष्ट्र निर्माण के अपने दायित्व का निर्वहन कर सकेंगे। इस दौरान कार्यक्रम में डाइट प्राचार्य डॉ सीमा शुक्ला, डीआईओएस विनोद कुमार मिश्र, क्षेत्रीय प्रबंधक भारतीय स्टेट बैंक, शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, रसोइया तथा बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
शिक्षकों ने जताया प्रदेश सरकार का आभार
योजना के शुभारंभ पर शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और रसोइयों ने राज्यमंत्री श्रीमती रजनी तिवारी से मुलाकात कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कैशलेस चिकित्सा सुविधा मिलने से अब गंभीर बीमारी के समय आर्थिक कठिनाइयों से राहत मिलेगी और परिवार को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा प्राप्त होगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0