लखीमपुर खीरी : 12 जुलाई को 92.08 लाख पौधों के रोपण का लक्ष्य, डीएम ने दिए निर्देश
लखीमपुर खीरी , अचल वार्ता । वर्षाऋतु में जनपद के लिए निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष शत प्रतिशत पौधरोपण के उद्देश्य से "वृक्षारोपण जन अभियान-2026" के तहत सोमवार शाम कलेक्ट्रेट स्थित अटल सभागार में जिला वृक्षारोपण समिति की बैठक में डीएम अंजनी कुमार सिंह की अध्यक्षता में अभियान की विस्तृत रूपरेखा तय की गई। 12 जुलाई को होने वाले इस महाअभियान में 25 से अधिक विभाग मिलकर 92,08,800 पौधों का रोपण करेंगे। बैठक का सफल संचालन डीएफओ तापस मिहिर ने किया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम अंजनी कुमार सिंह ने लक्षित विभागों को निर्देश दिया कि आवंटित लक्ष्य के सापेक्ष पौधरोपण कराने के व्यापक प्रबंध किये जाएं। डीएम ने अधिकारियों को सुझाव दिया कि निर्धारित 92 लाख 8 हजार 800 पौधों तक ही सीमित न रहें। विभागीय परिसंपत्तियों में यदि पर्याप्त स्थान उपलब्ध है और वह स्थान पौधरोपण के लिए उपयुक्त भी है तो लक्ष्य से अधिक पौधे भी रोपित कराने का प्रयास करें। बैठक में डीएम ने गड्ढा खुदान की स्थिति, पौध मांग पत्र प्रस्तुत करने की प्रगति की भी समीक्षा की और संबंधित विभागों को शेष मांग पत्र शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। डीएम ने अन्य विभागों को पौध आपूर्ति हेतु निर्गत किए गए आपूर्ति आदेश/इंडेंट की स्थिति की भी समीक्षा की तथा वन विभाग को समन्वय बनाकर समय से आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने सभी चिन्हित रोपण स्थलों की जियो-टैगिंग की तैयारी की समीक्षा करते हुए स्पष्ट किया कि प्रत्येक स्थल की सटीक लोकेशन एवं रिकॉर्डिंग अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए, जिससे पारदर्शिता एवं प्रभावी मॉनिटरिंग संभव हो सके। इसके अलावा डीएम ने सभी विभागों द्वारा वृक्षारोपण की रिपोर्टिंग व्यवस्था की भी समीक्षा की और निर्देश दिए कि हरितिमा अमृत वन एप से वृक्षारोपण की जियोटैगिंग की जाए। बैठक मे सीडीओ अभिषेक कुमार ने अभियान की रूपरेखा बताई। उन्होंने लक्ष्य क्षेत्र चयन, गड्ढा खुदाई, नर्सरी में पौधे की तैयारी पौध आपूर्ति क्रियान्वयन, नर्सरीवार उपलब्ध पौध का विवरण, वृक्षारोपण में प्रयुक्त प्रजातियां, कंट्रोल रूम एवं वाररूम की स्थापना, क्रियाशीलता संबंध में जरूरी दिशा निर्देश दिए।
विभागवार पौधरोपित किए जाने का लक्ष्य एक नजर में
बैठक में डीएफओ तापस मिहिर ने बताया कि वर्ष 2026-27 में शासन द्वारा जनपद को 92 लाख 8 हजार 800 पौध पौधे रोपित किये जाने का लक्ष्य आवंटित किया गया है। वन विभाग में दक्षिण खीरी वन प्रभाग 13 लाख एवं उत्तर खीरी वन प्रभाग 14.45 लाख सहित कुल 27,45,000 रहा। पर्यावरण विभाग 2.88 लाख, ग्राम्य विकास विभाग 33.26 लाख, राजस्व विभाग 3.33 लाख, रक्षा विभाग 11,000, पंचायतीराज विभाग 4.07 लाख, उद्योग विभाग 20,100, औद्योगिक विकास 19,400, नगर विकास विभाग 61,800, लोक निर्माण विभाग 26,000, सिंचाई विभाग (जल शक्ति विभाग) 28,000, नमामि गंगे 14,000, रेशम विभाग 33,000, कृषि विभाग 10.85 लाख, पशुपालन विभाग 35,000, सहकारिता विभाग 21,600, विद्युत विभाग (ऊर्जा विभाग) 21,600, माध्यमिक शिक्षा 36,000, बेसिक शिक्षा 41,000, प्राविधिक शिक्षा 11,000 एवं उच्च शिक्षा 44,200 दर्ज किया गया। इसी क्रम में श्रम विभाग 5,400, स्वास्थ्य विभाग 35,000, परिवहन विभाग 4,000, रेलवे विभाग 28,000, आवास विकास विभाग 10,900, उद्यान विभाग 5,01,000 तथा पुलिस विभाग (गृह विभाग) 16,800 का योगदान रहा। विभागीय स्तर पर सभी कार्यों को समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0