विद्यार्थियों को रोजगार, स्वरोजगार, उच्च शिक्षा एवं कौशल विकास के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों की दी जानकारी
सोनीपत , अचल वार्ता । सेवा संकल्प अभियान के तहत शुक्रवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, सोनीपत में विद्यार्थियों के लिए करियर काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के प्राचार्य विक्रम सिंह ने की। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को रोजगार, स्वरोजगार, उच्च शिक्षा एवं कौशल विकास के क्षेत्र में उपलब्ध विभिन्न अवसरों की जानकारी दी गई और उन्हें अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए सही करियर विकल्प चुनने के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
संस्थान के प्राचार्य विक्रम सिंह ने कहा कि आज के समय में विद्यार्थियों के सामने करियर के अनेक विकल्प उपलब्ध हैं। ऐसे में आवश्यक है कि विद्यार्थी अपनी रुचि, क्षमता और तकनीकी योग्यता को ध्यान में रखते हुए अपने भविष्य का लक्ष्य निर्धारित करें। उन्होंने कहा कि औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों को तकनीकी कौशल प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें रोजगार की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना भी जरूरी है।
उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त तकनीकी ज्ञान का अधिक से अधिक अभ्यास करें और उपलब्ध रोजगार, अप्रेंटिसशिप तथा स्वरोजगार के अवसरों का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि कौशल विकास के माध्यम से युवा आत्मनिर्भर बन सकते हैं और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
करियर काउंसलिंग के दौरान ईएस अनुदेशिका डॉ. ज्योति तथा मूर्ति देवी ने विद्यार्थियों को विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद उपलब्ध रोजगार के अवसरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को अप्रेंटिसशिप, निजी एवं सरकारी क्षेत्र में रोजगार, स्वरोजगार तथा उद्यमिता के विभिन्न विकल्पों से अवगत कराया। इसके साथ ही विद्यार्थियों को साक्षात्कार की तैयारी, बायोडाटा तैयार करने, कार्यस्थल पर व्यवहारिक ज्ञान, समय प्रबंधन तथा तकनीकी दक्षता विकसित करने के संबंध में भी महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया गया।
डॉ ज्योति ने विद्यार्थियों को समझाया कि औद्योगिक प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त तकनीकी कौशल को लगातार बेहतर बनाकर वे रोजगार के साथ-साथ स्वरोजगार एवं उद्यमिता के क्षेत्र में भी आगे बढ़ सकते हैं। विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार करियर का लक्ष्य निर्धारित करने तथा उसे हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया
कार्यक्रम में ईएस अनुदेशक अक्षय कुमार ने विद्यार्थियों को अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अप्रेंटिसशिप के माध्यम से विद्यार्थियों को उद्योगों में वास्तविक कार्य एवं कार्यस्थल के वातावरण का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होता है। इससे विद्यार्थियों को अपने तकनीकी ज्ञान को व्यवहारिक रूप में इस्तेमाल करने और कार्यक्षेत्र की आवश्यकताओं को समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि अप्रेंटिसशिप विद्यार्थियों की कार्यकुशलता और आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है तथा प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त अनुभव को वे भविष्य में रोजगार एवं करियर निर्माण के लिए उपयोग कर सकते हैं। कार्यक्रम में उप प्रधानाचार्य विनय गौतम, अप्रेंटिसशिप अधिकारी रवि दत्त, मेजर संजय श्योराण, सुरेंद्र कुमार, सीमा देवी, सुनील मलिक, दीपक, जगबीर राणा, प्रदीप, हरदीप, डॉ. सुनील कुमारी, अक्षय कुमार, पुष्पा सहित संस्थान के अन्य स्टाफ सदस्य एवं एनसीओ कैडेट्स उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0