राई / सोनीपत, अचल वार्ता। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत हरियाणा खेल विश्वविद्यालय में गुरुवार की संध्या को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं सहित समस्त शिक्षण, कोचिंग एवं प्रशासनिक स्टाफ ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम में सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य सेवा, समर्पण, राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी एवं सकारात्मक संकल्प की भावना को सुदृढ़ करना रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति अशोक कुमार (पूर्व आईपीएस) ने भारत की आंतरिक सुरक्षा में हुए महत्वपूर्ण सुधारों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में भारत ने अपनी आंतरिक सुरक्षा को काफी मजबूत बनाया है और नक्सलवाद जैसी चुनौती से निपटने में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि देश ने आंतरिक सुरक्षा के साथ-साथ इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रगति की है। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में राष्ट्र विकसित भारत बनने की दिशा में निरंतर अग्रसर है।
कुलपति महोदय ने कहा कि भारत की आंतरिक सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने की दिशा में माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में किए गए प्रयासों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को आगे बढ़ाने का अवसर है।
कार्यक्रम के क्रम में विश्वविद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें विश्वविद्यालय के अधिकारियों, स्टाफ एवं विद्यार्थियों ने सहभागिता की। इस पहल के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, हरित परिसर के विकास तथा प्रकृति के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति अशोक कुमार, कुलसचिव जसविंदर सिंह के अलावा समस्त शिक्षण, कोचिंग एवं प्रशासनिक स्टाफ तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम ने विश्वविद्यालय परिवार में एकता, सहभागिता, सेवा भावना एवं राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी के संकल्प को और मजबूत किया।