सोनीपत , अचल वार्ता । सोनीपत में नेशनल हाईवे पर देर रात हरियाणा एसटीएफ ने कार्रवाई करते हुए हिसार टोल मैनेजर हत्याकांड में वांटेड दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। एसटीएफ को देखकर एक आरोपी करीब 15 फुट ऊंचे विगान टोल फ्लाईओवर से नीचे कूद गया, जिससे उसके पैर में चोट लग गई। वहीं दूसरे आरोपी को टीम ने गाड़ी समेत मौके पर ही दबोच लिया।
एसटीएफ सोनीपत को सूचना मिली थी कि हिसार टोल मैनेजर हत्याकांड में वांटेड बदमाश जीटी रोड पर मौजूद हैं। सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर अजय दंकर के नेतृत्व में टीम ने रात करीब साढ़े 11 बजे नेशनल हाईवे पर तलाशी अभियान शुरू किया। संदिग्ध गाड़ी दिखाई देने पर टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान गाड़ी में सवार दोनों आरोपियों ने भागने की कोशिश की।
एसटीएफ को सामने देखकर मनोज उर्फ फिल्मी निवासी हिसार गाड़ी से उतरकर विगान टोल फ्लाईओवर से नीचे कूद गया। करीब 15 फुट नीचे गिरने से उसके पैर में चोट लग गई। टीम ने उसे काबू कर उपचार के लिए सरकारी अस्पताल पहुंचाया। दूसरे आरोपी सचिन पुत्र नरेंद्र निवासी कदीरपुर, सोनीपत को गाड़ी समेत गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी हिसार में टोल मैनेजर की स्कॉर्पियो से कुचलकर हत्या किए जाने के मामले में वांटेड थे। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक पिस्तौल और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए। एसटीएफ के मुताबिक दोनों हाईवे पर किसी वारदात की फिराक में थे। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर उनके आपराधिक नेटवर्क और संभावित वारदात की योजना के बारे में जानकारी जुटा रही है।