अयोध्या: मिल्कीपुर में सपा का जोरदार प्रदर्शन: यूरिया खाद की किल्लत और किसानों पर अत्याचार के खिलाफ अजीत प्रसाद ने भरी हुंकार
अचल वार्ता,अयोध्या। मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र में गुरुवार को समाजवादी पार्टी (सपा) ने यूरिया खाद की किल्लत और किसानों की समस्याओं को लेकर पांच नंबर चौराहे पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। सपा के पूर्व प्रत्याशी अजीत प्रसाद की अगुवाई में आयोजित इस प्रदर्शन में सपा कार्यकर्ताओं और नेताओं ने राज्यपाल को संबोधित चार सूत्रीय मांगों का ज्ञापन एसडीएम मिल्कीपुर को सौंपा।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए फैजाबाद के सांसद अवधेश प्रसाद ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर किसानों के प्रति उदासीनता और अत्याचार का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "छुट्टा मवेशी किसानों की फसलों को बर्बाद कर रहे हैं और लोगों की जान ले रहे हैं, लेकिन भाजपा सरकार इस समस्या का समाधान करने में पूरी तरह विफल रही है।" उन्होंने मिल्कीपुर उपचुनाव में धांधली का भी गंभीर आरोप लगाया, दावा किया कि सरकारी मशीनरी सत्ताधारी पार्टी के इशारे पर काम कर रही थी। अवधेश प्रसाद ने कहा, "बाहरी सुरक्षा बलों को हटा दिया गया और सपा के बूथ एजेंटों को भगाया गया। यदि निष्पक्ष चुनाव होता, तो अजीत प्रसाद निश्चित रूप से विधायक बनते।"
सपा नेता अजीत प्रसाद ने प्रदर्शन में कहा कि भाजपा सरकार में किसानों को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने यूरिया खाद की कमी और इसकी कालाबाजारी पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "किसानों को खाद के लिए लाइनों में खड़ा होना पड़ता है और ऊपर से प्रशासन लाठियां बरसाता है। 2027 में इस अत्याचार का हिसाब होगा।" उन्होंने प्रदेश में कानून व्यवस्था की बदहाल स्थिति पर भी सवाल उठाए और कहा कि जंगलराज कायम हो चुका है।
सपा जिला अध्यक्ष पारसनाथ यादव ने कहा, "समाजवादी पार्टी हमेशा से किसानों, मजदूरों, गरीबों और मजलूमों के हक की लड़ाई लड़ती रही है।" सपा प्रवक्ता लवलेश पांडेय ने बताया कि प्रदर्शन में प्रदेश सचिव छोटे लाल यादव, शावेज जाफरी, पृथ्वीराज यादव, रामजी पाल, आकिब खान, यदुनाथ यादव, गोविंद विश्वकर्मा, साहबलाल यादव, राम लहू यादव, महेंद्र यादव, सिराज अहमद, सरोज यादव, सुनील कोरी, सुनीता कोरी, भानु प्रताप सिंह, शशांक यादव, सोहनलाल रावत, रामसतन कोरी, रामबहादुर यादव, अवधेश यादव, महेश शर्मा, आजाद सिंह, हरिराम कोरी, अनिल विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में सपा नेता और कार्यकर्ता शामिल रहे।
चार सूत्रीय मांगें:
यूरिया खाद की किल्लत: यूरिया की कमी के कारण किसान अपनी फसलों को बचा पाने में असमर्थ हैं। प्रशासन द्वारा किसानों पर लाठीचार्ज और खाद की कालाबाजारी को तत्काल रोका जाए।
बिजली व्यवस्था: बिजली की लगातार खराबी के कारण किसानों को फसलों की सिंचाई में दिक्कत हो रही है। विद्युत व्यवस्था को तुरंत ठीक किया जाए।
कानून व्यवस्था: मिल्कीपुर में कानून व्यवस्था बदहाल है, जिसके कारण आम लोगों में भय का माहौल है। महिलाओं की सुरक्षा को सुनिश्चित किया जाए।
उपचुनाव में धांधली: निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग।
सपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0