अयोध्या में राष्ट्रीय जनवादी पार्टी (सोशलिस्ट) का 7वां स्थापना दिवस सम्पन्न, 2027 चुनाव की तैयारी का आह्वान

अयोध्या में राष्ट्रीय जनवादी पार्टी (सोशलिस्ट) का 7वां स्थापना दिवस भव्य रूप से मनाया गया। जनसभा के माध्यम से 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों का आह्वान किया गया और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया गया।

Jan 23, 2026 - 21:39
Jan 26, 2026 - 22:11
 0  2
अयोध्या में राष्ट्रीय जनवादी पार्टी (सोशलिस्ट) का 7वां स्थापना दिवस सम्पन्न, 2027 चुनाव की तैयारी का आह्वान

अयोध्या, अचल वार्ता। राष्ट्रीय जनवादी पार्टी (सोशलिस्ट) का 7वां स्थापना दिवस 23 जनवरी 2026 को अयोध्या जनपद में भव्य रूप से मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित विशाल जनसभा के माध्यम से पार्टी नेतृत्व ने 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं में जोश और नई ऊर्जा का संचार किया।

स्थापना दिवस कार्यक्रम के आयोजक एवं वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. रामसजीवन निषाद ने कहा कि यह दिन पार्टी की विचारधारा, सामाजिक न्याय और जनसेवा के संकल्प को दोहराने का अवसर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का आह्वान किया।

बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर जोर

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आदरणीय सूबेदार मेजर अमर सिंह चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव पूरी तरह कार्यकर्ताओं के परिश्रम और संगठन की मजबूती के दम पर लड़ा जाएगा। इसके लिए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना बेहद जरूरी है। उन्होंने जनसंपर्क अभियान, समर्पण और एकजुटता के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

पंचायत चुनाव में मजबूती से उतरने की घोषणा

वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओमप्रकाश चौहान ने कहा कि पार्टी आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में भी मजबूती से प्रत्याशी उतारेगी। पंचायत स्तर पर सफलता मिलने से संगठन की जड़ें और अधिक मजबूत होंगी, जिसका लाभ आगामी विधानसभा चुनाव में मिलेगा।

पिछड़े और दलित वर्ग के शोषण का मुद्दा उठाया

राष्ट्रीय महासचिव रामसेवक सिंह चौहान ने अपने वक्तव्य में कहा कि मौजूदा सरकार में पिछड़े और दलित वर्गों के साथ लगातार अन्याय, दुर्व्यवहार और जातिगत शोषण हो रहा है, जिसे पार्टी बर्दाश्त नहीं करेगी।

2027 में ताकत दिखाने का संकल्प

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रदेश अध्यक्ष महेश निषाद ने कहा कि 2027 में बड़े दलों को अपनी राजनीतिक ताकत का एहसास कराने के लिए पार्टी के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करना होगा।

महिला मोर्चा की दो टूक

महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष कांति बौद्ध ने कहा कि पीड़ित महिलाओं से लोकप्रियता के लिए असंवेदनशील सवाल करने वालों को अब महिला एकजुटता के साथ करारा जवाब दिया जाएगा।

हजारों कार्यकर्ता रहे मौजूद

स्थापना दिवस कार्यक्रम में बिहार से वीरेंद्र महतो, सुरेंद्र बिंद, राष्ट्रीय प्रचारक चौहान कवि, राष्ट्रीय सचिव सुग्रीव चौहान, राजेश कुमार गौतम, संजीव कुमार यादव, राजेश यादव, रीना देवी, स्वाती चौरसिया, फूलकला कोविद, विजय प्रकाश पासवान, मनोज चौहान, सुभाषचंद्र निषाद, विंध्या प्रसाद, कंचन पासवान, सीतापती कोविद, राम सरदार सहित हजारों की संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।

 - संतोष यादव 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0