अयोध्या : पदयात्रा की तैयारियां पूरी उप मुख्यमंत्री की जनसभा आज
- विधायक ने किया सरकारी अमलो के साथ निरीक्षण
पूराबाजार, अयोध्या। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पखवाड़े के अवसर पर आयोजित होने वाली भव्य पदयात्रा की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को पूरा बाजार विकासखंड के बिल्हार घाट बाजार में उच्चस्तरीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता के साथ पुलिस प्रशासन के अधिकारी एवं संबंधित विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान पदयात्रा के आरंभ स्थल, रूट प्लान, जनसभा स्थल, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन तथा भीड़ नियंत्रण को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
नगर विधायक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम में आने वाले लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिए पूर्व तैयारियां पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि यह पदयात्रा केवल आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माता लौहपुरुष सरदार पटेल के प्रति सम्मान और एकता का संदेश है।
ब्लॉक प्रमुख संघ के जिला अध्यक्ष शिवेंद्रसिंह ने बताया कि पदयात्रा को सफल व ऐतिहासिक बनाने के लिए क्षेत्र के प्रधानों, पंचायत प्रतिनिधियों व नागरिकों से लगातार संपर्क किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता सुनिश्चित है, इसलिए पूरे मार्ग पर साफ-सफाई, पानी, चिकित्सा व अन्य सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है। पुलिस प्रशासन द्वारा कानून-व्यवस्था, सुरक्षा तैनाती, रूट डायवर्जन और ट्रैफिक नियंत्रण की रूपरेखा बताई गई।
अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि पदयात्रा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित माहौल में सम्पन्न हो, इसके लिए पर्याप्त पुलिसबल तैनात किया जाएगा। अंत में सभी पदाधिकारियों और अधिकारियों ने सामूहिक रूप से स्थल का निरीक्षण करते हुए कार्यक्रम को शांति, अनुशासन और सफल आयोजन के साथ सम्पन्न कराने का संकल्प लिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0