एनटीपीसी कोरबा ठेका श्रमिकों का प्रदर्शन, सीटू की कलेक्ट्रेट तक पदयात्रा
एनटीपीसी कोरबा में ठेका श्रमिकों के शोषण के विरोध में सीटू के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट तक पदयात्रा, अवैध वसूली का आरोप, ज्ञापन सौंपा।
कोरबा, अचल वार्ता।
एनटीपीसी कोरबा में कार्यरत ठेका श्रमिकों की विभिन्न समस्याओं और शोषण के विरोध में सीटू के नेतृत्व में एनटीपीसी परिसर से कलेक्ट्रेट तक विशाल पदयात्रा निकाली गई। यह पदयात्रा कलेक्ट्रेट पहुंचते ही जोरदार प्रदर्शन में तब्दील हो गई, जहां श्रमिकों ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर न्याय की मांग की।
यह पदयात्रा केएसटीपीएस एनटीपीसी-कोरबा उत्पादन कंपनी कामगार यूनियन के आह्वान पर आयोजित की गई, जिसमें सैकड़ों की संख्या में ठेका मजदूर शामिल हुए। रैली सी. जैन मार्ग से प्रारंभ होकर दर्री बाजार, कोहड़िया, सीएसईबी चौक, घंटाघर और कोसाबाड़ी होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए सीटू के प्रदेश अध्यक्ष एस.एन. बनर्जी ने आरोप लगाया
महारत्न कंपनी एनटीपीसी के कोरबा संयंत्र में श्रम कानूनों का खुलेआम उल्लंघन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय न्यूनतम वेतन लागू होने के बावजूद ठेकेदारों के मुंशी वेतन भुगतान के बाद प्रतिदिन 250 से 350 रुपये तक की अवैध वसूली कर रहे हैं। विरोध करने पर मजदूरों का गेट पास बंद कर उन्हें काम से बाहर कर दिया जाता है।
श्री बनर्जी ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन और एनटीपीसी प्रबंधन ने ठेका श्रमिकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया, तो संयंत्र स्तर पर उग्र आंदोलन किया जाएगा।
एनटीपीसी कामगार यूनियन के अध्यक्ष फागू राम कश्यप ने बताया कि श्रमिक वर्षों से असुरक्षा, शोषण और अनियमितताओं का सामना कर रहे हैं। कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा गया है, जिसमें श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा और ठेकेदारी प्रथा में सुधार की मांग की गई है।
इस रैली एवं प्रदर्शन में सीटू, बालको सीटू यूनियन, परिवहन संघ और किसान सभा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। किसान सभा की ओर से प्रशांत झा, दीपक साहू, दामोदर श्याम सहित गुरुमूर्ति, सुमरित कश्यप, जी.डी. महंत, फुलबाई, जीराबाई, हेमलाल और अजय सहित बड़ी संख्या में ठेका मजदूर उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0