अयोध्या : भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री आशीष तिवारी द्वारा खिरौनी नगर पंचायत में हुआ कोविदार वृक्षारोपण
अयोध्या, अचल वार्ता। मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम की पावन नगरी अयोध्या में संचालित ‘श्रीराम राज्य संकल्प वृक्ष अभियान’ का विस्तार अब नगर पंचायतों और ग्रामीण क्षेत्रों तक तेजी से हो रहा है। इसी क्रम में खिरौनी नगर पंचायत के वार्ड संख्या-6 में कोविदार वृक्ष का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं सांस्कृतिक चेतना का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान अभियान के केंद्रीय समन्वयक इंजीनियर रवि तिवारी ने कहा कि श्रीराम राज्य की संकल्पना केवल धार्मिक या प्रशासनिक व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक आदर्श और परिष्कृत समाज की अवधारणा है। उन्होंने कहा कि रामराज्य में लोकतांत्रिक परंपराओं का सम्मान, समाज के प्रत्येक वर्ग के प्रति संवेदनशीलता और समस्त चराचर जगत के कल्याण की भावना निहित रहती है।उन्होंने बताया कि अभियान के तहत ‘कोविदार’ वृक्ष के रोपण को विशेष महत्व दिया जा रहा है। यह वृक्ष अयोध्या में निर्मित भव्य श्रीराम मंदिर के ध्वज पर भी अंकित है और अयोध्या की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक पहचान का प्रतीक माना जाता है।
उनका कहना था कि कोविदार वृक्ष भारतीय परंपरा, मर्यादा और प्रकृति के प्रति सम्मान का संदेश देता है। इंजीनियर रवि तिवारी ने बताया कि अभियान के प्रथम चरण में अयोध्या परिक्षेत्र के लगभग 970 स्थानों को चिन्हित किया गया है, जहां कोविदार वृक्ष लगाए जाएंगे। उनका कहना था कि आने वाले समय में यह अभियान केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे सामाजिक जागरूकता और सांस्कृतिक पुनर्जागरण से भी जोड़ा जाएगा।इस अवसर पर माँ ज्वाला फाउंडेशन के अध्यक्ष प्रवीण सिंह ने कहा कि रामराज्य का वास्तविक आधार शुद्ध, अनुशासित और आत्मोन्नत व्यक्तित्व है।
उन्होंने कहा कि व्यसनमुक्त एवं लोककल्याण की भावना से युक्त समाज ही रामराज्य की स्थापना में सहायक हो सकता है।कार्यक्रम का आयोजन भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला महामंत्री आशीष तिवारी द्वारा किया गया, जबकि वृक्षारोपण का कार्य अवनीश तिवारी ने संपन्न कराया।कार्यक्रम में चन्द्रशेखर तिवारी, मालेंद्र तिवारी, शिव नारायण, हर्षित, डॉ. जयकरण तथा जमुना प्रसाद यादव सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
- उमा शंकर तिवारी
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0