कृभको अयोध्या के क्षेत्रीय अधिकारी ने अम्बेडकर नगर में किसानों को दी उन्नत खेती की जानकारी
कृभको अयोध्या के क्षेत्रीय अधिकारी पवन पटेल ने अम्बेडकर नगर के गयासपुर जलालपुर में किसानों को उन्नत खेती, मृदा परीक्षण और जैविक कृषि की जानकारी दी।
अम्बेडकर नगर, अचल वार्ता। किसानों को उन्नत कृषि तकनीक से जोड़ने और सहकारी व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से कृभको अयोध्या द्वारा गयासपुर, जलालपुर (अम्बेडकर नगर) में सहकारी सशक्तिकरण अभियान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 18 जनवरी 2026 को संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री रोहित साहू (अपर जिला कृषि अधिकारी, अम्बेडकर नगर) तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में महेंद्र प्रताप गौतम (कृषि वैज्ञानिक, फसल सुरक्षा, KVK आजमगढ़), प्रदीप कुमार (कृषि वैज्ञानिक, KVK पाती, अम्बेडकर नगर) दीपांकर वर्मा (खाद्य एवं रसद विभाग, अयोध्या) उपस्थित रहे।
इसके साथ ही श्री सुरेश चौधरी (अध्यक्ष, वी-पैक्स समिति बरही मोहनपुर) और श्री संदीप वर्मा (प्रगतिशील किसान एवं समाजसेवी) भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
उन्नत तकनीक और मृदा परीक्षण पर जोर
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को उन्नत खेती की तकनीकों, रासायनिक उर्वरकों के विवेकपूर्ण उपयोग, मृदा परीक्षण, मृदा स्वास्थ्य कार्ड और धरती माता बचाओ अभियान के प्रति जागरूक करना रहा।
क्षेत्रीय अधिकारी पवन पटेल (कृभको अयोध्या) ने मुख्य व विशिष्ट अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने किसानों को कृभको के विभिन्न उत्पादों, उनके प्रयोग की विधि और लाभ के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही बताया कि कृभको द्वारा किसानों के लिए निशुल्क मृदा परीक्षण की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है।
फसल सुरक्षा और जैविक खेती पर विशेषज्ञों के विचार
कृषि वैज्ञानिक महेंद्र प्रताप गौतम ने फसलों में लगने वाले रोगों और कीट-पतंगों की रोकथाम पर उपयोगी जानकारी दी।
अपर जिला कृषि अधिकारी रोहित साहू ने संतुलित मात्रा में उर्वरक के प्रयोग और धरती माता बचाओ अभियान को सफल बनाने पर जोर दिया। उन्होंने किसानों को जैविक खेती, सरकारी योजनाओं और गुणवत्तापूर्ण कृषि आदानों की उपलब्धता के बारे में भी विस्तार से अवगत कराया।
वहीं कृषि वैज्ञानिक प्रदीप कुमार ने आम की फसल में लगने वाले रोग, उनके नियंत्रण, मृदा परीक्षण की उपयोगिता और उत्पादन को प्रभावित करने वाले कारकों पर किसानों को जागरूक किया।
120 किसानों ने लिया हिस्सा
कार्यक्रम के अंत में क्षेत्रीय अधिकारी कृभको अयोध्या ने सभी अतिथियों और उपस्थित किसानों का आभार व्यक्त किया। इस कार्यक्रम में लगभग 120 किसान उपस्थित रहे और उन्होंने विशेषज्ञों से सीधे संवाद कर खेती से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0