अयोध्या: अन्तर्राष्ट्रीय मीडिया सेंटर की समस्याओं को लेकर पत्रकारों की जिला सूचना अधिकारी से बैठक
अयोध्या धाम के अन्तर्राष्ट्रीय मीडिया सेंटर की समस्याओं को लेकर ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन ने जिला सूचना अधिकारी अनुराग रंजन से बैठक कर ज्ञापन सौंपा। सुविधाओं और शुल्क में सुधार की मांग।
अयोध्या, अचल वार्ता। अयोध्या धाम के रामकोट क्षेत्र स्थित अन्तर्राष्ट्रीय मीडिया सेंटर में मंगलवार को जिला सूचना अधिकारी अनुराग रंजन के साथ पत्रकारों की महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन की ओर से मीडिया सेंटर से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को उठाया गया और जिलाधिकारी को सम्बोधित ज्ञापन सौंपा गया।
ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन ने मांग की कि अन्तर्राष्ट्रीय मीडिया सेंटर को आधुनिक सुविधाओं से युक्त किया जाए, साथ ही पत्रकारों द्वारा कार्यक्रम आयोजित करने हेतु शासन द्वारा निर्धारित अत्यधिक शुल्क में कमी की जाए। इसके अलावा स्थायी कर्मचारियों की नियुक्ति, बेहतर संचालन व्यवस्था और पत्रकारों की सुविधाओं से जुड़ी अन्य समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग भी रखी गई।
जिला सूचना अधिकारी ने दिया समाधान का आश्वासन
ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के जिला मंत्री सम्पूर्णानन्द बागी के अनुरोध पर जिला सूचना अधिकारी अनुराग रंजन स्वयं अन्तर्राष्ट्रीय मीडिया सेंटर पहुंचे और पत्रकारों से संवाद किया। उन्होंने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
अनुराग रंजन ने बताया कि एसोसिएशन की मांग पर अन्तर्राष्ट्रीय मीडिया सेंटर संचालन समिति की बैठक जल्द बुलाई जाएगी, जिसमें सभी बिंदुओं पर विचार कर निर्णय लिया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि सप्ताह में एक दिन दो घंटे मीडिया सेंटर में पत्रकारों के साथ बैठक कर समस्याओं को सुना जाएगा।
पहली औपचारिक बैठक में कई वरिष्ठ पत्रकार रहे मौजूद
अन्तर्राष्ट्रीय मीडिया सेंटर, अयोध्या धाम में नवागत जिला सूचना अधिकारी अनुराग रंजन की पत्रकारों के साथ यह पहली औपचारिक बैठक थी। बैठक में एस.एन. बागी, सुमित्रानंदन यादव, आलोक निगम, अनूप श्रीवास्तव, संजय यादव, आचार्य स्कन्द दास, निकिता राही, बृजेश सेन सहित कई वरिष्ठ व स्थानीय पत्रकार उपस्थित रहे।
पत्रकारों ने आशा जताई कि प्रशासन द्वारा जल्द ही मीडिया सेंटर की समस्याओं का समाधान कर इसे पत्रकारों के लिए एक सशक्त और सुविधाजनक कार्यस्थल बनाया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0