पिथौरागढ़ : एनएच चौड़ीकरण कार्यों में तेजी के निर्देश

Jul 31, 2026 - 19:14
 0  1
पिथौरागढ़ : एनएच चौड़ीकरण कार्यों में तेजी के निर्देश

पिथौरागढ़, अचल वार्ताजिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलक्ट्रेट में राष्ट्रीय राजमार्ग लोक निर्माण विभाग तथा बीआरओ द्वारा जनपद में संचालित राष्ट्रीय राजमार्ग चौड़ीकरण एवं सड़क निर्माण कार्यों से संबंधित भूमि अधिग्रहण, वन भूमि हस्तांतरण, उपयोगिता (यूटिलिटी) शिफ्टिंग तथा अन्य लंबित प्रकरणों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-09 के डुंगातोली-तवाघाट तथा तवाघाट-लिपुलेख मार्ग के चौड़ीकरण कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने भूमि अधिग्रहण से संबंधित सभी लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रभावित व्यक्तियों को मुआवजा वितरण, भवनों के मूल्यांकन, वन भूमि हस्तांतरण तथा अन्य आवश्यक औपचारिकताओं को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। सड़क निर्माण जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब स्वीकार्य नहीं होगा। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए लंबित प्रकरणों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें, ताकि निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किए जा सकें।

बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-109के (जौलजीबी-धारचूला) के विभिन्न पैकेजों से जुड़े भूमि अधिग्रहण प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित उपजिलाधिकारियों, कार्यदायी संस्थाओं तथा विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि अधिसूचना, मुआवजा वितरण, आपत्तियों के निस्तारण तथा कब्जा हस्तांतरण की सभी प्रक्रियाओं में तेजी लाई जाए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, उप जिलाधिकारी सदर जितेंद्र वर्मा, बीआरओ एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारी बैठक में भौतिक रूप से उपस्थित रहे तथा अन्य संबंधित उपजिलाधिकारी, जल संस्थान, यूपीसीएल तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी वर्चुअली उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0