लखीमपुर खीरी: उज्ज्वला योजना से रोशन हुई होली, जनप्रतिनिधियों ने डीएम संग बांटे प्रतीकात्मक चेक

Feb 28, 2026 - 18:27
Mar 1, 2026 - 15:41
 0  4
लखीमपुर खीरी: उज्ज्वला योजना से रोशन हुई होली, जनप्रतिनिधियों ने डीएम संग बांटे प्रतीकात्मक चेक
  • लखीमपुर खीरी की 5.38 लाख महिलाओं को होली उपहार, सीएम ने भेजी सब्सिडी 
  • मुख्यमंत्री के संबोधन की लाइव स्ट्रीमिंग, लाभार्थियों के चेहरों पर छलकी खुशी 

लखीमपुर खीरी, अचल वार्ता। महिलाओं की होली का त्यौहार रोशन करने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत ₹1,500 करोड़ की धनराशि से उत्तर प्रदेश के 1.86 करोड़ पात्र परिवारों को गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी की सौगात दी। 

कलेक्ट्रेट में आयोजित भव्य कार्यक्रम में लखनऊ से लाइव स्ट्रीमिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन को देखा गया। कार्यक्रम का सफल संचालन डीएसओ अंजनी कुमार सिंह ने किया।जनपदीय कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक योगेश वर्मा, विधायक विनोद शंकर अवस्थी और डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह और डीएसओ अंजनी कुमार सिंह के साथ दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद उज्ज्वला योजना की लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक वितरित किए गए।

विधायक योगेश वर्मा ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की सभी योजनाओं में महिलाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने बताया कि उज्ज्वला योजना का फेस 2 जल्द ही शुरू होगा। साथ ही, सरकार की ओर से सर्वाइकल कैंसर का मुफ्त टीकाकरण भी जल्द ही लागू किया जा रहा है। उन्होंने मातृ शक्ति के सशक्तिकरण को सरकार की मुख्य प्राथमिकता बताया और डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल के कार्यों की सराहना की। विधायक धौरहरा, विनोद शंकर अवस्थी ने सभी को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार की ओर से पर्व के अवसर पर निशुल्क गैस रिफिलिंग की सुविधा दी जा रही है।

डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने जनपद के समस्त लाभार्थियों को होली पर्व की शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उन्होंने अवगत कराया कि शासन द्वारा पीएम उज्ज्वला योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थी परिवारों को गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी की धनराशि उपलब्ध कराई जा रही है। उक्त व्यवस्था से जनपद की महिलाओं को विशेष रूप से लाभान्वित करते हुए त्योहार के अवसर पर उन्हें आर्थिक संबल प्रदान किया गया है।

सिलेंडर को कराए रिफिल, खाते में पाए सब्सिडी : DSO 

डीएसओ अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि खीरी में 05 लाख 38 हजार 961 गरीब महिलाए उज्ज्वला योजना की लाभार्थी है। आधार प्रमाणित लाभार्थियों को निःशुल्क एलपीजी सिलेण्डर रिफिल का वितरण किया गया। योजना के तहत सर्वप्रथम लाभार्थी अपने स्तर से प्रचलित उपभोक्ता दर के अनुसार भुगतान कर 14.2 किलो का सिलेंडर रिफिल प्राप्त करेगा, जिसके बाद सब्सिडी उसके आधार प्रमाणित खाते में ऑयल कम्पनियों द्वारा अंतरित की जाएगी। इस अवसर पर सेल्स ऑफिसर इंडियन ऑयल के साथ में लखीमपुर के वितरक रानी सती इंडियन गैस सर्विस, निशांत इंडियन गैस सर्विस, खीरी राइस मिल एचपी गैस, भगवान भारत गैस के प्रोपराइटर मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0