चेन्नई के मंच पर चमका हरदोई का सितारा, हार्दिक ने बढाया जिले का मान ।

Jun 16, 2026 - 17:37
Jun 16, 2026 - 17:55
 0  19
चेन्नई के मंच पर चमका  हरदोई का सितारा, हार्दिक ने बढाया जिले का मान ।

चेन्नई के दीक्षांत मंच पर चमका हरदोई का सितारा, हार्दिक गुप्ता ने बढ़ाया जनपद का मान

पूर्व मुख्य न्यायाधीश डी.वाई. चंद्रचूड़ की मौजूदगी में मिली फेलोशिप डिग्री, शिक्षा और शोध के क्षेत्र में रचा नया कीर्तिमान

हरदोई , अचल वार्ता। प्रतिभा, परिश्रम और संकल्प जब एक साथ कदम बढ़ाते हैं तो सफलता स्वयं राह तलाश लेती है। जनपद हरदोई के लिए ऐसा ही एक गौरवपूर्ण क्षण उस समय आया, जब यहां के युवा हार्दिक गुप्ता ने देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान आईएफएमआर क्रेआ यूनिवर्सिटी से फाइनेंशियल मैनेजमेंट रिसर्च की फेलोशिप डिग्री प्राप्त कर जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया।

चेन्नई स्थित म्यूजिक एकेडमी, टीटीके रोड में 13 जून को आयोजित भव्य दीक्षांत समारोह में हार्दिक को यह सम्मान प्रदान किया गया। समारोह में भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश डी.वाई. चंद्रचूड़, पूर्व मुख्य आर्थिक सलाहकार एवं पद्म भूषण से सम्मानित कौशिक बसु, एयरोस्पेस प्रौद्योगिकी विशेषज्ञ सत्यनारायण आर. चक्रवर्ती, विश्वविद्यालय के चांसलर लक्ष्मी नारायण तथा वाइस चांसलर डॉ. निर्मला राव सहित अनेक विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

दीक्षांत समारोह के दौरान वाइस चांसलर डॉ. निर्मला राव ने हार्दिक गुप्ता को फेलोशिप डिग्री प्रदान की। मंच पर सम्मान ग्रहण करते हुए हार्दिक की उपलब्धि केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता नहीं रही, बल्कि हरदोई के युवाओं की संभावनाओं और प्रतिभा का भी प्रतीक बन गई।

लखनऊ रोड निवासी वरिष्ठ पत्रकार पी.के. गुप्ता ‘बबलू’ के पुत्र हार्दिक ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और परिवार के सदस्यों को दिया। उन्होंने कहा कि जीवन की हर उपलब्धि के पीछे परिवार का विश्वास, शिक्षकों का मार्गदर्शन और निरंतर परिश्रम की शक्ति होती है। उन्हीं के सहयोग और प्रेरणा से वह इस मुकाम तक पहुंच सके हैं।

हार्दिक की शैक्षणिक यात्रा भी प्रेरणादायक रही है। प्रतिष्ठित कैट परीक्षा में सफलता प्राप्त करने के बाद उन्हें वर्ष 1971 में स्थापित देश के अग्रणी शिक्षण संस्थानों में शुमार आईएफएमआर में प्रवेश मिला। वहां उन्होंने अध्ययन, अनुसंधान और अकादमिक उत्कृष्टता के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए यह सम्मान अर्जित किया।

हार्दिक की उपलब्धि की खबर जैसे ही हरदोई पहुंची, परिवार, मित्रों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई। जिले के शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य लोगों ने इसे हरदोई के लिए गौरव का क्षण बताते हुए कहा कि यह सफलता युवाओं को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने के लिए प्रेरित करेगी।

ज्ञान और शोध के क्षेत्र में हासिल यह उपलब्धि केवल एक डिग्री नहीं, बल्कि उस संघर्ष, समर्पण और धैर्य का सम्मान है, जिसने हरदोई के एक युवा को राष्ट्रीय मंच पर विशिष्ट पहचान दिलाई। आज हार्दिक गुप्ता की सफलता ने यह सिद्ध कर दिया है कि छोटे शहरों के सपने भी देश के बड़े मंचों पर अपनी चमक बिखेर सकते हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0