हरदोई: रात्रि चौपाल में पहुंचीं राज्यमंत्री रजनी तिवारी, जनसमस्याएं सुन अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
"एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत किया पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
हरदोई, अचल वार्ता। केंद्र सरकार के "सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के गौरवपूर्ण 12 वर्ष" पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 5 जून से 21 जून तक चलाए जा रहे वृहद जनसंपर्क अभियान के अंतर्गत शनिवार को शाहाबाद विधानसभा क्षेत्र के विकास खंड टोडरपुर की ग्राम पंचायत उमरौली में राज्यमंत्री (उच्च शिक्षा) श्रीमती रजनी तिवारी की अध्यक्षता में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
रात्रि चौपाल के दौरान राज्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन द्वारा संचालित सभी लाभार्थीपरक योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की शिकायतों एवं समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने विभिन्न विभागों की योजनाओं, कार्यक्रमों और सरकार की उपलब्धियों पर भी प्रकाश डालते हुए लोगों को जागरूक किया।
उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को समन्वय बनाकर कार्य करना होगा। चौपाल में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं एवं सुझाव भी रखे, जिनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम के उपरांत राज्यमंत्री श्रीमती रजनी तिवारी ने "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, स्वच्छ वायु और बेहतर भविष्य के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। प्रत्येक नागरिक को पौधरोपण को जन आंदोलन बनाने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करनी चाहिए।
उन्होंने वृक्षों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पेड़-पौधे प्रकृति की अमूल्य धरोहर हैं और आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित पर्यावरण देने के लिए इनका संरक्षण जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी देखभाल भी करें, तभी वृक्षारोपण अभियान सफल हो सकेगा।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख श्याम बाबू त्रिवेदी, पीडी ए.के. मौर्या, डीपीआरओ श्रेया उपाध्याय, डीएसटीओ राम प्रकाश, बीडीओ अरविंद राजपूत, नायब तहसीलदार प्रणव पाण्डेय, प्रधान प्रतिनिधि अवनीश अग्निहोत्री सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, वन विभाग के अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे।
- लक्ष्मीकांत पाठक
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0